गुरु पूर्णिमा पर विद्या निकेतन विद्यालय में गुरु पूजन, सेवानिवृत्त शिक्षाविदों का हुआ सम्मान
फतहनगर के विद्या निकेतन विद्यालय में गुरु पूर्णिमा पर आयोजित गुरु पूजन कार्यक्रम में नगर के सेवानिवृत्त शिक्षाविदों का सम्मान किया गया। विद्यार्थियों ने भजन, गीत और प्रेरक प्रस्तुतियां दीं, जबकि शिक्षाविदों ने गुरु-शिष्य परंपरा और संस्कारयुक्त जीवन का महत्व बताया।

तस्वीर में फतहनगर के विद्यालय में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मां सरस्वती की तस्वीर के समक्ष हाथ जोड़कर खड़े अतिथि और शिक्षक नजर आ रहे हैं।
फतहनगर स्थित विद्या निकेतन विद्यालय में आषाढ़ मास की गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ गुरु पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर के सेवानिवृत्त शिक्षाविदों को विशेष रूप से आमंत्रित कर उनका सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मदनलाल मंडोवरा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में श्यामलाल पंचोली एवं गिरधारीलाल गदिया उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ शिक्षाविद उषा सोनी, सरोज आमेटा सहित अन्य गणमान्यजन ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेशचंद्र आमेटा एवं तुलसीराम लोहार ने सभी अतिथियों का तिलक, उपरणा एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर विद्यालय के भैया-बहनों ने गुरु महिमा पर आधारित भजन, गीत एवं प्रेरक प्रसंगों की प्रभावी प्रस्तुतियां दीं। आमंत्रित शिक्षाविदों ने अपने उद्बोधनों में गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जीवन में गुरु के मार्गदर्शन का सम्मान करने तथा संस्कारयुक्त जीवन अपनाने की प्रेरणा दी।
अध्यक्षीय उद्बोधन में मदनलाल मंडोवरा ने विद्यार्थियों को पीसफुल माइंड, पावरफुल माइंड और पॉजिटिव माइंड के साथ जीवन जीने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए स्टेशनरी सामग्री पारितोषिक स्वरूप भेंट की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के समस्त गुरुजी एवं दीदीजी का प्रत्येक कक्षा के विद्यार्थियों द्वारा पुष्प अर्पित कर सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन अमरचंद लोहार ने किया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। विद्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम गुरु-शिष्य परंपरा के सम्मान और संस्कार आधारित शिक्षा के महत्व को रेखांकित करता रहा।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
