विद्या भारती चित्तौड़ प्रांत की दो दिवसीय प्रचार विभाग कार्यशाला प्रांतीय प्रशिक्षण केंद्र, विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय, गांधीनगर (चित्तौड़गढ़) में सम्पन्न हुई। कार्यशाला में प्रांत के बांसवाड़ा, डूंगरपुर, उदयपुर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, भीलवाड़ा, अजमेर, बूंदी, कोटा, बारां एवं झालावाड़ सहित 12 जिलों के प्रचार प्रमुख, संवाददाता एवं सोशल मीडिया प्रमुखों ने सहभागिता करते हुए प्रचार कार्य को अधिक प्रभावी, तकनीक-संपन्न एवं समाजोपयोगी बनाने का संकल्प लिया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए विद्या भारती के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख नवीन कुमार झा ने कहा कि "प्रचार विभाग संगठन एवं समाज के बीच विश्वास का सेतु है।" उन्होंने प्रचार कार्य में सकारात्मकता, प्रामाणिकता एवं समयबद्धता के महत्व पर बल देते हुए कहा कि प्रभावी संवाद के माध्यम से संगठन के सेवा एवं शिक्षा कार्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाया जा सकता है।

प्रांत संवाददाता कमलेंद्र शर्मा एवं प्रशिक्षण केंद्र प्रमुख महेंद्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि कार्यशाला के प्रथम सत्र में सभी जिलों द्वारा वर्षभर में किए गए नवाचार, सेवा कार्य, शैक्षिक उपलब्धियों एवं संगठनात्मक गतिविधियों का पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुतीकरण किया गया। द्वितीय सत्र में तकनीक प्रमुख नरेंद्र चष्टा ने सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग, डिजिटल कंटेंट निर्माण तथा आधुनिक तकनीकों के माध्यम से प्रचार कार्य को अधिक प्रभावी बनाने के विभिन्न आयामों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यशाला के दौरान प्रचार विभाग के कार्यों को समयानुकूल, तकनीक आधारित एवं समाजहितैषी बनाने पर विशेष चर्चा हुई। साथ ही सभी प्रतिनिधियों ने अपने-अपने जिलों में प्रचार कार्य को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने का संकल्प व्यक्त किया। उक्त जानकारी विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय, खेरवाड़ा के प्रधानाध्यापक नवनीत श्रीमाली ने प्रदान की।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story