विद्या भारती जनजाति समिति का उदयपुर में प्रशिक्षण वर्ग संपन्न
उदयपुर के खेरवाड़ा में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में जनजाति क्षेत्रों में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक समरसता को बढ़ाने पर बल दिया गया।

उदयपुर के खेरवाड़ा स्थित विद्या निकेतन विद्यालय परिसर में आयोजित विद्या भारती जनजाति समिति राजस्थान के प्रशिक्षण वर्ग के बौद्धिक सत्र में उपस्थित प्रतिभागी आचार्य और दीदियां।
विद्या भारती जनजाति समिति राजस्थान द्वारा जिला उदयपुर के आचार्य एवं दीदीयों के लिए आयोजित प्रशिक्षण वर्ग का सफलतापूर्वक समापन विद्या निकेतन विद्यालय, खेरवाड़ा परिसर में हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रनिर्माण के विविध आयामों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा जनजाति क्षेत्रों में सामाजिक जागरूकता और संगठनात्मक सुदृढ़ता को बढ़ाने का आह्वान किया गया।
प्रशिक्षण वर्ग के बौद्धिक सत्र को संबोधित करते हुए नरेश चंद्र पाटीदार ने विद्या भारती के लक्ष्य एवं परियोजना की संकल्पना पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा प्रणाली का विकास करते हुए ऐसी पीढ़ी का निर्माण करना आवश्यक है जो हिंदुत्व निष्ठ, राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत तथा शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक रूप से सक्षम हो। उन्होंने समाज को विभिन्न चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करने, सामाजिक कुरीतियों एवं अन्याय से मुक्त कराने तथा राष्ट्रीय जीवन को संस्कारित और सुदृढ़ बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बजरंग अग्रवाल ने की। उन्होंने अपने संबोधन में जनजाति क्षेत्रों में जागरूकता, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक समरसता को बनाए रखने के लिए सतत प्रयास करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला प्रवासी मनसुख लाल बोड़ात, जिला भजन मंडली प्रमुख लक्ष्मी लाल मीणा सहित विभिन्न प्रवासी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अमरलाल मीणा ने किया।
प्रशिक्षण वर्ग के समापन के साथ ही शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रभावना को जनजाति क्षेत्रों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के संकल्प को और अधिक मजबूत करने का संदेश दिया गया। आयोजन ने प्रतिभागियों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण कार्य किया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
