कल्लाजी जन्मोत्सव पर खेरवाड़ा में निकली भव्य शोभायात्रा, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
खेरवाड़ा में वीर कल्लाजी महाराज का जन्मोत्सव श्रद्धा से मनाया गया। पूजा-अर्चना के बाद निकली भव्य शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।

तस्वीर में खेरवाड़ा की मोगीया बस्ती स्थित श्री कल्याण धाम मंदिर के पास वीर कल्लाजी महाराज की शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु और महिलाएं नजर आ रही हैं।
कस्बे की मोगीया बस्ती स्थित श्री कल्याण धाम मंदिर में लोकदेवता वीर कल्लाजी महाराज का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना के बाद कल्लाजी महाराज की प्रतिमा को रथ में विराजमान कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
मंदिर के आचार्य पंडित दीपक व्यास ने बताया कि जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर की विशेष सजावट की गई और कल्लाजी महाराज का विशेष शृंगार किया गया। इस दौरान भजन-कीर्तन का आयोजन भी हुआ। इसके बाद बैंड-बाजों के साथ शोभायात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों से निकली। शोभायात्रा में श्रद्धालु गरबा-रास करते हुए नाचते-झूमते और जयकारे लगाते हुए शामिल हुए।
शोभायात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर तथा स्वागत द्वार लगाकर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। धार्मिक आयोजन में खेरवाड़ा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
इस अवसर पर गादीपति रामलाल सहित सर्व समाजजन और बड़ी संख्या में कल्याण भक्त उपस्थित रहे। जन्मोत्सव के तहत निकली शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की भागीदारी ने धार्मिक आयोजन को विशेष स्वरूप प्रदान किया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
