वल्लभनगर। किशोरी बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने और समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ सशक्त करने के उद्देश्य से वल्लभनगर थाना महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र द्वारा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन महिला अधिकारता विभाग, पुलिस विभाग एवं रणथंबोर सेवा संस्थान नाथद्वारा के सांझे में संचालित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र वल्लभनगर थाना के तत्वावधान में आयोजित हुआ।

कार्यशाला के दौरान विधिक परामर्शदाता केसी पटेल ने मानस पब्लिक स्कूल में छात्राओं को विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरी बालिकाओं में उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें बाल विवाह, साइबर क्राइम, लैंगिक भेदभाव तथा घरेलु हिंसा जैसी समस्याओं के प्रति सशक्त बनाना था।

इस अवसर पर पॉक्सो कानून, गुड-टच बेड-टच और साइबर क्राइम से जुड़े कानूनी प्रावधानों पर सरल और प्रभावी ढंग से प्रकाश डाला गया। छात्राओं को बताया गया कि बाल विवाह में संलिप्त सभी व्यक्ति — माता-पिता, रिश्तेदार, पुजारी और आयोजनकर्ता — कानून की नजर में दोषी माने जाते हैं और उन पर सख्त कानूनी कार्यवाई की जाती है। बाल विवाह की किसी भी सूचना को तुरंत बाल कल्याण समिति, पुलिस या चाइल्ड हेल्प लाइन 1098 नम्बर पर देने की अपील भी की गई।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों से संवाद करते हुए लैंगिक भेदभाव, पितृसत्तात्मक सोच और समाज में लड़कियों के प्रति भेदभाव के मूल कारणों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि समाज की सोच में परिवर्तन लाना अत्यंत आवश्यक है और समाज में परिवर्तन से पहले स्वयं के अंदर परिवर्तन लाना आवश्क है। तभी समाज और देश सशक्त बन सकता है। यह कार्यशाला न केवल छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का माध्यम बनी, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश भी दे गई।

Hemant Ameta, Udaipur

Hemant Ameta, Udaipur

हेमंत अमेटा उदयपुर से प्रात:काल के लिए समाचार कवर करने वाले अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खबरों को सटीक और निष्पक्ष दृष्टिकोण से पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित हैं। हेमंत अपने तेज़ रिफ्लेक्स और खबरों की गहन जांच के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को हर अपडेट समय पर और भरोसेमंद जानकारी के साथ मिलती है।

Next Story