उदयपुर। वल्लभनगर थाना क्षेत्र के नेतावला गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली एक वीभत्स घटना सामने आई है, जहां लाठी, सरिए और तलवारों से लैस होकर आए हमलावरों ने घर में घुसकर मां-बेटी पर न केवल जानलेवा हमला किया, बल्कि घर में जमकर तोड़फोड़ मचाई और भैंसे भी चोरी कर ले गए। इस खौफनाक वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

मामले के अनुसार, पीड़ित भैरूलाल पुत्र देवीलाल गुर्जर निवासी नेतावला ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 मई को दोपहर करीब 2 बजे उसकी माता पारी बाई और छोटी बहन चंदा कुमारी घर पर अकेली थीं। इसी दौरान बाबूलाल पुत्र डालू गुर्जर, छोगा लाल पुत्र डालू गुर्जर (दोनों निवासी नेतावला), प्रकाश पुत्र हरलाल गुर्जर (निवासी बड़गांव), गोपी बाई पत्नी बाबूलाल, एजी बाई पत्नी छोगालाल, तुलसा बाई पत्नी जगदीश (निवासी नवानिया), रेखा कुमारी (निवासी सियाखेड़ी), मंजू पत्नी जगदीश गुर्जर (निवासी किकावास), रेखा पुत्री चुन्नीलाल गुर्जर (निवासी किकावास), सीता बाई पत्नी प्रकाश गुर्जर (निवासी बड़गांव) और लीला बाई (निवासी गुड़ा बाठेड़ा खुर्द) घातक हथियारों के साथ उनके घर पहुंचे।

आरोपियों ने बिना किसी उकसावे के घर में घुसते ही मां-बेटी पर हमला कर दिया। इस दौरान घर में मौजूद कूलर, इन्वर्टर और अन्य कीमती घरेलू सामान को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। जान बचाने के लिए जब मां-बेटी ने कमरे के दरवाजे बंद करने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने खिड़कियां और दरवाजे तोड़ डाले और अंदर घुसकर उन्हें लहूलुहान कर दिया। इस वीभत्स हमले में मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना पाकर बीच-बचाव करने पहुंचे कैलाश पुत्र उकार गुर्जर के साथ भी मारपीट की गई। यही नहीं, जाते-जाते आरोपी घर से भैंसे भी खोलकर अपने साथ ले गए। वल्लभनगर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। इस दुस्साहसिक वारदात ने स्थानीय निवासियों में भारी रोष व्याप्त कर दिया है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story