वल्लभनगर में आयुष्मान आरोग्य अस्पतालों में दो समय ओपीडी संचालित करने के राज्य सरकार के आदेश का विरोध शुरू हो गया है। राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन जिला शाखा उदयपुर ग्रामीण ने इस आदेश को व्यावहारिक रूप से कठिन बताते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री, राजस्थान सरकार को उपखंड अधिकारी वल्लभनगर के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर तत्काल पुनर्विचार की मांग की है।

राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन जिला शाखा उदयपुर ग्रामीण के जिला अध्यक्ष कुंदन मेनारिया ने बताया कि राज्य सरकार के आदेश अनुसार आयुष्मान आरोग्य अस्पतालों में दो समय ओपीडी चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इस व्यवस्था के कारण नर्सिंग ऑफिसर सहित पैरामेडिकल स्टाफ को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों पर राज्य सरकार के नियमानुसार केवल दो नर्सिंग ऑफिसर के पद स्वीकृत हैं। ऐसे में दो समय ओपीडी संचालित करना व्यावहारिक रूप से कठिन हो गया है। कई चिकित्सा संस्थानों में नर्सिंग ऑफिसर के पद अभी भी रिक्त हैं, जिससे मौजूदा स्टाफ पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ गया है और व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

एसोसिएशन ने कहा कि दो समय ओपीडी व्यवस्था के कारण नर्सिंग स्टाफ को नियमानुसार अवकाश जैसे डे-ऑफ और सीएचजी भी नहीं मिल पा रहे हैं। इसके साथ ही कई स्थानों पर मरीजों को इंजेक्शन जैसी आवश्यक सेवाएं समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं, जिससे मरीजों को बार-बार अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

नर्सेज एसोसिएशन के अनुसार दो शिफ्ट में ओपीडी संचालित होने से नर्सिंग ऑफिसर और पैरामेडिकल स्टाफ को पूरे दिन लगभग 12 घंटे तक अस्पताल में रुकना पड़ रहा है, जबकि नियमों के अनुसार ड्यूटी का समय 6 घंटे निर्धारित है। यह स्थिति कर्मचारियों पर अतिरिक्त दबाव बना रही है और स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली को प्रभावित कर रही है।

एसोसिएशन ने चिकित्सा मंत्री से मांग की है कि वर्तमान व्यवस्था को यथावत रखते हुए ओपीडी एक ही समय में संचालित की जाए, ताकि कर्मचारियों और आमजन दोनों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके।

इस दौरान आरएनए ग्रामीण जिला अध्यक्ष कुंदन लाल मेनारिया, सैटेलाइट अस्पताल प्रभारी विमला आमेटा, कोषाध्यक्ष चंचल चौधरी, सचिव महेश लोहार, अल्पना मालवीय, प्रवीण लोहार, संजय मेघवाल, राहुल चौहान, वनिता, विश्वकान्ता, रवि, जयश्री, केसर पारगी, पुष्पा, शशिकला बडगूजर, मुकेश मालवीय, यशपाल और शिवराम सहित सभी स्टाफ मौजूद रहे। ज्ञापन के माध्यम से एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि मौजूदा परिस्थितियों में दो समय ओपीडी व्यवस्था कर्मचारियों और स्वास्थ्य सेवाओं दोनों के लिए गंभीर चुनौती बन रही है।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story