उदयपुर। फाल्गुन मास के आगमन के साथ ही वल्लभनगर कस्बे के आराध्य श्रीलक्ष्मीनारायण मंदिर में इन दिनों फागोत्सव की भारी धूम मची हुई है। मंदिर मंडल और कीर्तन समिति के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक उत्सव ने पूरे क्षेत्र के वातावरण को धर्ममय बना दिया है।

कीर्तन समिति की सदस्य मंजू लोहार ने बताया कि मंदिर में फागोत्सव का आयोजन प्रतिपदा से त्रयोदशी तक किया जा रहा है। इस दौरान प्रतिदिन ठाकुरजी के सम्मुख फाग के पदों का गायन किया जाता है। उत्सव में भाग लेने के लिए वल्लभनगर कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी सर्व समाज की महिलाएं बड़ी संख्या में मंदिर पहुंच रही हैं।

मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान धार्मिक गायक ढोलक और मजीरे की सुमधुर थाप पर फाग गीत और भजनों की प्रस्तुतियां दे रहे हैं। भक्ति रस से सराबोर इन गीतों पर महिला श्रद्धालु भावविभोर होकर नृत्य करती नजर आ रही हैं। श्रद्धालु स्वयं अपने हाथों से भगवान को गुलाल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

फागोत्सव के दौरान प्रतिदिन ठाकुरजी का विशेष श्रृंगार किया जा रहा है। कार्यक्रम के समापन पर ठाकुरजी की भव्य आरती उतारकर भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। फागोत्सव के चलते मंदिर में सुबह से शाम तक दर्शनार्थियों का तांता लगा हुआ है, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्ति, उत्साह और धार्मिक आस्था के रंग में रंगा नजर आ रहा है।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story