वल्लभनगर के पूर्व विधायक महाराज रणधीरसिंहजी भीण्डर ने 30 जून 2026 को भीण्डर तहसील क्षेत्र की सवना, सिहाड़, वाणिया तलाई और कुण्डाई पंचायतों के गांवों में सघन जनसम्पर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों से संबंधित पर्चों का वितरण कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया। साथ ही राजस्थान की भाजपा सरकार की प्रमुख योजनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार के विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी।

अपराह्न 4 बजे सवना मंडी में आयोजित सभा में पूर्व विधायक रणधीरसिंहजी भीण्डर ने उपस्थित ग्रामवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए किसान कल्याण योजना, सौर ऊर्जा कार्यक्रम तथा नारी सशक्तीकरण कार्यक्रमों से जुड़कर अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांवों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार द्वारा वर्तमान में आयोजित शिविरों का लाभ उठाया जाए, जिससे जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण हो सके।

बैठक के दौरान सवना सरपंच भगवती लाल रावत ने क्षेत्र के विद्यालयों में भवन निर्माण तथा अध्यापकों के रिक्त पदों को भरने की मांग रखी। इस पर पूर्व विधायक ने संबंधित समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।

इसी क्रम में कुण्डई पंचायत के पदमाखेडा चौरा पर कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता पूर्व सरपंच किशनसिंह ने की। बैठक में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

शाम 7 बजे वाणिया तलाई पंचायत के मोटा देवरा पर आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने गांव की प्रमुख समस्या बिजली व्यवस्था को बताया तथा सड़क मरम्मत की मांग रखी। इस पर पूर्व विधायक रणधीरसिंहजी भीण्डर ने आगामी समय में आवश्यक कार्य करवाने का भरोसा दिलाया।

जनसम्पर्क अभियान के दौरान भीण्डर प्रधान हरिसिंह सोनगरा, कानोड के पूर्व पार्षद पारस नागौरी, युवा नेता सुरेन्द्र मियावत, वाणिया तलाई सरपंच गोवर्धन रावत, कालू सिंह शक्तावत तथा प्रभाशंकर शर्मा उपस्थित रहे।

इस बीच पूर्व विधायक रणधीरसिंहजी भीण्डर ने सिहाड़ का प्रस्तावित दौरा स्थगित कर सवना बावजी के भोपाजी के अस्वस्थ होने की सूचना मिलने पर उनके निवास पहुंचकर कुशलक्षेम जानी तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story