उदयपुर जिले के वल्लभनगर में त्यौहार पर कई वर्षों से चली आ रही परंपराओं का आज भी चलन बरकरार है। जमरा बिज पर वल्लभनगर के कबूतर चौक में सालों से चली आ रही परंपरा के रूप में इलाजी बावजी के यहाँ क्षेत्र के किन्नरों की बारात चढ़ी, जिसको देखने के लिए कबूतर चौक में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जानकारी के अनुसार जमरा बिज पर सर्व समाज के लोग गाजे बाजे और ढोल के साथ किन्नर राणी बाई के निवास स्थान पर पहुंचे। उनको बारात सजाकर कबूतर चौक में इलाजी बावजी के यहाँ लोक गीतों पर नृत्य करने के लिए आने का निमंत्रण दिया।

निमंत्रण की अनूठी परंपरा और बारात का प्रस्थान

परंपरा के अनुसार पहले निमंत्रण में किन्नर बारात लेकर नहीं आते हैं। इसके बाद पुनः ग्रामवासी निमंत्रण देते हैं, इसी तरह यह सिलसिला तीन बार तक चलता है। जिसमे तीसरा और अंतिम निमंत्रण देने के बाद किन्नर राणी बाई अपने सहयोगी कई किन्नरों के साथ विशेष वेशभूषा में सज-धज कर होली के गीतों की प्रस्तुति देने कबूतर चौक स्थित इलाजी बावजी के द्वार पर पहुंचे।

इलाजी बावजी के द्वार पर पूजन और नृत्य उत्सव

यहाँ पर सबसे पहले इलाजी बावजी की विशेष पूजा अर्चना करने के बाद बावजी पर गुलाल व अबीर-फूलो से वर्षा कर फाग खिलाई गई। कबूतर चौक में किन्नरों द्वारा इलाजी बावजी को नमन करते हुए होली के लोक गीतों पर नृत्य शुरू किया गया। जिसमे किन्नरों ने पारंपरिक होली के गीतों, राजस्थानी गीतों के साथ बॉलीवुड गीतों पर नृत्य करते हुए होली का आनंद लिया। इस आयोजन में ग्रामवासी भी किन्नरों की बारात में शरीक होते हुए उन पर गुलाल व फूलों की वर्षा कर जमकर आनंद लिया। इसको देखने के लिए वल्लभनगर सहित भटेवर, करणपुर, नवानिया, रुन्डेडा, तारावट, मोरजाई, धमानिया, रणछोड़पुरा सहित विभिन्न गाँवों से लोगों की भीड़ जमा रही।

नृत्य के पीछे यह है धार्मिक मान्यता

"किन्नर राणी बाई ने बताया कि जमरा बिज पर वल्लभनगर के कबूतर चौक में इलाजी बावजी के यहाँ बारात के रूप में नृत्य करने की परंपरा हमारे गुरु के समय से चली आ रही है, जिसको निभाते हुए आगे भी जारी रखेंगे।" जमरा बीज पर इलाजी बावजी के स्थानक पर हमारे गुरुओं द्वारा नमन करते हुए नृत्य के माध्यम से क्षेत्र में सुख-शांति के लिए कामना की और उत्सव मनाने की यह परंपरा शुरू की गई। इसके बाद से हर साल जमरा बिज पर यह अनूठा आयोजन किया जाता है, जिसमे समस्त ग्रामवासी शरीक होते हुए इसे त्यौहार के रूप में मनाते हैं

Hemant Ameta, Udaipur

Hemant Ameta, Udaipur

हेमंत अमेटा उदयपुर से प्रात:काल के लिए समाचार कवर करने वाले अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खबरों को सटीक और निष्पक्ष दृष्टिकोण से पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित हैं। हेमंत अपने तेज़ रिफ्लेक्स और खबरों की गहन जांच के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को हर अपडेट समय पर और भरोसेमंद जानकारी के साथ मिलती है।

Next Story