नगर के आरा मार्ग माणकपुरा स्थित उत्तम गोपाल कृष्ण गोशाला में सोमवार को आरओ वाटर कूलर एवं हरा चारा काटने की कुट्टी मशीन का शुभारम्भ एवं समर्पण समारोह आयोजित हुआ। समारोह में रामकथा वाचक कमलेश शास्त्री मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गोशाला समिति अध्यक्ष रविन्द्र कुमार सुथार ने की। इस दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष नरेन्द्र खोडनिया, तहसीलदार डॉ. रमेशचन्द्र वडेरा, सलूम्बर तहसीलदार डॉ. मयूर शर्मा, थाना प्रभारी सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कमलेश शास्त्री ने कहा कि वेद पढ़ने से नहीं, बल्कि किसी की वेदना पढ़ने से गोसेवा का भाव उत्पन्न होता है। उन्होंने कहा कि दिवंगत पितृ आत्माओं की पुण्यतिथि पर भामाशाहों द्वारा गोशाला को जनोपयोगी एवं गो-उपयोगी वस्तुएं समर्पित करना समाज के लिए प्रेरणादायी कार्य है।

समारोह के दौरान सलूम्बर तहसीलदार डॉ. मयूर शर्मा ने अपने पूजनीय पिता स्वर्गीय संतोष जी मुरारीलाल शर्मा निवासी बांसवाड़ा की पावन स्मृति में गोशाला में आने वाले गोभक्तों के लिए शीतल पेयजल व्यवस्था हेतु आधुनिक आरओ वाटर कूलर भेंट किया। पंडित मनोज ठाकुर के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर फीता काटकर आरओ वाटर कूलर को गोभक्तों को समर्पित किया गया।

वहीं गामड़ा ब्राह्मणिया निवासी पटवारी हेमेन्द्र सिंह चौहान ने अपने पूजनीय पिता स्वर्गीय रामसिंह चौहान की पुण्यतिथि पर गोमाता के चारे की व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से हरा चारा काटने की कुट्टी मशीन भेंट की। गोशाला समिति ने दोनों भामाशाहों का अभिनंदन करते हुए इसे गोसेवा एवं जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान बताया। समारोह के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं एवं गोभक्तों ने नवस्थापित सुविधाओं का अवलोकन किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story