उदयपुर जिले के वल्लभनगर उपखंड क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हालात असामान्य हो गए, जब नवानिया स्थित सहकारी समिति में यूरिया खाद की खेप पहुंचने की सूचना फैलते ही आसपास के कई गांवों से किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। खेती के इस अहम दौर में खाद की एक झलक पाने को मजबूर किसान सुबह से ही समिति परिसर के बाहर लंबी कतारों में खड़े नजर आए।


स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए समिति प्रबंधन ने प्रशासन को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस जाब्ता मौके पर तैनात किया गया। समिति संचालक लक्ष्मीलाल जणवा की देखरेख में पुलिस की निगरानी में खाद का वितरण शुरू कराया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या टकराव की स्थिति उत्पन्न न हो।


कृषि अधिकारी पंकज आमेटा ने बताया कि समिति को कुल 800 बैग यूरिया खाद प्राप्त हुए थे। इनमें से 200 बैग कृषि विज्ञान केंद्र को आवंटित किए गए, जबकि शेष 600 बैग किसानों को नियमानुसार वितरित किए गए। किसानों की भीड़ को नियंत्रित करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीट प्रभारी बाबूलाल सहित पुलिस जवान पूरे समय मौके पर मौजूद रहे।


गौरतलब है कि वल्लभनगर उपखंड के कई गांवों में बीते कुछ समय से यूरिया खाद की भारी किल्लत बनी हुई है। खेतों में फसलों की बुवाई के बाद अब सिंचाई और पोषण के लिए खाद की अत्यंत आवश्यकता है, लेकिन सीमित आपूर्ति के कारण किसान दर-दर भटकने को मजबूर हैं। पर्याप्त मांग के बावजूद आवश्यकता के अनुरूप खाद न मिल पाने से किसानों की चिंता और बढ़ती जा रही है।


नवानिया सहकारी समिति पर उमड़ी भीड़ और पुलिस निगरानी में हुआ यह वितरण, क्षेत्र में उर्वरक संकट की गंभीरता को उजागर करता है। यह घटना न केवल प्रशासनिक चुनौती को दर्शाती है, बल्कि किसानों की उस मजबूरी को भी सामने लाती है, जहां एक मूलभूत कृषि आवश्यकता के लिए उन्हें संघर्ष करना पड़ रहा है।

Hemant Ameta, Udaipur

Hemant Ameta, Udaipur

हेमंत अमेटा उदयपुर से प्रात:काल के लिए समाचार कवर करने वाले अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खबरों को सटीक और निष्पक्ष दृष्टिकोण से पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित हैं। हेमंत अपने तेज़ रिफ्लेक्स और खबरों की गहन जांच के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को हर अपडेट समय पर और भरोसेमंद जानकारी के साथ मिलती है।

Next Story