उदयपुर। रोमानिया के क्लुज नापोका शहर में चल रही वर्ल्ड सीनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के पहले ही दिन भारत को गौरव का क्षण मिला, जब उदयपुर के युवा और प्रतिभाशाली अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टर गौरव साहू ने 59 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व स्तर पर छठा स्थान प्राप्त किया। गौरव ने कुल 570 किलोग्राम वजन उठाकर न केवल अपने दमखम का परिचय दिया, बल्कि राजस्थान के खेल इतिहास में नया अध्याय भी जोड़ा।

राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के आयोजन सचिव विनोद साहू ने जानकारी दी कि गौरव साहू इस उपलब्धि के साथ वर्ल्ड सीनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप खेलने वाले राजस्थान के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले तक वे जूनियर वर्ग में खेलते थे, लेकिन इस बार सीनियर श्रेणी में उतरते ही उन्होंने देश का नाम रोशन कर दिया।

रोमानिया के होटल ग्रांड इटालिया में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दुनिया भर के दिग्गज पावरलिफ्टरों के बीच हुए कड़े मुकाबले में गौरव का प्रदर्शन भारतीय टीम के लिए गौरवपूर्ण क्षण लेकर आया। उनके समर्पण, अनुशासन और दृढ़ संकल्प ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से कोई भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकता है।

उदयपुर सहित पूरे राजस्थान में गौरव की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है। उनके प्रदर्शन ने राज्य के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story