उदयपुर: ट्रेलर की चपेट में आने से जिंक कर्मी की मौत, श्रमिकों ने किया प्रदर्शन
वल्लभनगर के रूण्डेडा निवासी कमलेश जणवा की सड़क हादसे में मृत्यु के बाद परिजनों और श्रमिकों ने विभिन्न मांगों को लेकर जिंक गेट पर धरना दिया।

घटना का विवरण
उदयपुर जिले के वल्लभनगर उपखण्ड क्षेत्र के रूण्डेडा निवासी एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान कमलेश जणवा पुत्र रामचंद्र जणवा, निवासी रूण्डेडा के रूप में हुई है। हादसे के बाद गुरुवार को पूरे दिन गांव में शोक की लहर छाई रही। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कैसे हुआ हादसा?
- बताया गया कि कमलेश जणवा जिंक स्मेल्टर के एलएनटी विभाग में कार्यरत था।
- काम समाप्त होने के बाद वह घर जाने के लिए जिंक स्मेल्टर चौराहे की तरफ जा रहा था।
- इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रेलर के अचानक ब्रेक फेल होने से वह चौराहे पर पहुंच गया और वहां से गुजर रहे कमलेश को अपनी चपेट में ले लिया।
ट्रेलर युवक के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
परिजनों का बुरा हाल और अंतिम संस्कार
पुलिस ने परिजनों की उपस्थिति में शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद गांव में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। युवक की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां बेटे की मौत से बेसुध हो गई। परिजनों ने बताया कि कमलेश की शादी करीब ढाई वर्ष पूर्व खेरोदा में हुई थी।
श्रमिकों का प्रदर्शन और मांगें
इधर हादसे के बाद साथ काम करने वाले श्रमिकों ने जिंक के मुख्य गेट पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। श्रमिकों ने बताया कि - "काम खत्म होने के बाद घर लौटते समय हादसे में कमलेश की मौत हो गई।"
श्रमिकों ने परिजनों के साथ विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया, जिसके बाद आपसी सहमति बनने से श्रमिकों ने धरना प्रदर्शन समाप्त किया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
