उदयपुर में युवा संबल मेला 5 मई को, निजी क्षेत्रों में मिलेंगे रोजगार के अवसर
राजकीय फतह स्कूल में आयोजित होने वाले इस मेले में 14 जनकल्याणकारी योजनाओं का संगम होगा, जहां युवाओं को मौके पर ही नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।

उदयपुर के राजकीय फतह स्कूल में 5 मई को आयोजित होने वाले युवा संबल मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन द्वारा रूपरेखा तैयार की गई है।
युवाओं को निजी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मंशा से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेश भर में आयोजित हो रहे युवा संबल मेले अब प्रभावी स्वरूप ले रहे हैं। इसी क्रम में उदयपुर में जिला स्तरीय युवा संबल मेला 5 मई को सूरजपोल स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक फतह विद्यालय परिसर में आयोजित होगा, जो रोजगार, स्वरोजगार और प्रशिक्षुता के सुअवसर सिद्ध होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
राजस्थान सरकार के कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस मेले को लेकर जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में व्यापक तैयारियां जारी हैं। मेले में केंद्र और राज्य सरकार की 14 प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं को एकीकृत किया गया है, जिससे युवाओं को एक ही मंच पर विविध योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराया जा सके।
इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को न केवल रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे, बल्कि विभिन्न ऋण योजनाओं और कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी भी स्टॉल्स के जरिए दी जाएगी। रोजगार एवं प्रशिक्षण से जुड़ी इंटर्नशिप स्कीम, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना और नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम का लाभ भी युवाओं को मिलेगा। वहीं ऋण एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, डॉ. बी.आर. अंबेडकर दलित आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, आरसेटी और राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम के विभिन्न कार्यक्रमों को एकीकृत कर अधिकतम युवाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।
युवा संबल मेला सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा। इसमें स्थानीय और अन्य राज्यों के प्रतिष्ठित नियोजक शामिल होकर रिक्तियों की जानकारी देंगे तथा पात्र आवेदकों को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए जाएंगे। मेले में भाग लेने के इच्छुक युवा विभागीय पोर्टल पर पूर्व पंजीकरण करा सकते हैं, जबकि कार्यक्रम स्थल पर भी पंजीकरण और मार्गदर्शन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
यह आयोजन न केवल रोजगार के अवसरों को सुलभ बनाने का माध्यम बनेगा, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने और सरकारी योजनाओं से सीधे जोड़ने का सशक्त मंच भी साबित होगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
