उदयपुर। साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था ‘युगधारा’ की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह स्थानीय थियोसोफिकल सोसायटी के सभागार में संस्था के संस्थापक डॉ. ज्योतिपुंज के सान्निध्य में गरिमामयी ढंग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विज्ञान समिति के कुल प्रमुख एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. के.एल. कोठारी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में सलूंबर की वरिष्ठ बाल साहित्यकार डॉ. विमला भंडारी और विशिष्ट अतिथि के तौर पर भौतिक विज्ञानी डॉ. के.पी. तलेसरा उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ युगधारा की निवर्तमान अध्यक्ष किरण बाला किरन के स्वागत संबोधन के साथ हुआ, जिन्होंने संस्था का विस्तृत परिचय प्रस्तुत किया। इसके पश्चात, पूर्व महासचिव डॉ. सिम्मी सिंह ने संस्था का द्विवार्षिक प्रगति प्रतिवेदन पेश करते हुए बीते दो वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। मुख्य आयोजन के अंतर्गत नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई, जिसमें प्रकाश तातेड़ को अध्यक्ष, डॉ. कुंजन आचार्य व डॉ. सिम्मी सिंह को उपाध्यक्ष, श्याम मठपाल को महासचिव, लोकेश चौबीसा को कोषाध्यक्ष, बृजराज सिंह जगावत व दीपा पंत को सचिव, रेनू सिरोया को सूचना व संपर्क सचिव तथा बिलाल पठान व डॉ. शीतल श्रीमाली को संगठन मंत्री के रूप में कार्यभार सौंपा गया। संस्थापक डॉ. ज्योतिपुंज के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल नई कार्यकारिणी के दायित्व बोध को रेखांकित किया, बल्कि भविष्य में संस्था के साहित्यिक और सामाजिक कार्यों को नई ऊर्जा प्रदान करने का संकल्प भी लिया।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story