उदयपुर। शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में जन्मदिन के जश्न के नाम पर तीन युवकों को धोखे से बुलाकर उन पर प्राणघातक हमला करने और नकदी समेत मोबाइल लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रतापनगर थाना पुलिस ने इस खूनी संघर्ष के संबंध में पीड़ित की रिपोर्ट पर नामजद आरोपियों के खिलाफ साजिश रचकर जानलेवा हमला करने का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को सौंपी गई रिपोर्ट में जितेन्द्र भोई पुत्र नारायण लाल, निवासी पुरोहितों की मादड़ी रोड नंबर 2 गरवा चौक, ने बताया कि 3 मई की रात करीब 11 बजे रंजीत कुमार और दीपक भोई एक सुनियोजित साजिश के तहत उसे जन्मदिन मनाने के बहाने पुरोहितों की मादड़ी सब्जी गोदाम से लेने आए। आरोपियों ने जितेन्द्र के साथ काम करने वाले सोनू खटीक और दिनेश सालवी को भी जबरदस्ती साथ ले जाने की जिद की। जन्मदिन का अवसर होने के कारण जितेन्द्र और उसके साथी मना नहीं कर सके और उनके साथ चल दिए। आरोपी उन्हें सूखा नाका देबारी साइट पर ले गए, जहां किशन गमेती, देवा गमेती और दो अन्य युवक पहले से ही घात लगाए बैठे थे।

वहां पहुंचते ही आरोपियों ने तीनों पर हमला बोल दिया और जेब से पैसे निकालने का दबाव बनाया। आरोपियों ने सोनू खटीक की जेब में रखे 8000 रुपये लूट लिए और लट्ठ व लोहे की रॉड से उसके सिर, चेहरे, कंधे और जांघ पर ताबड़तोड़ वार किए। इस दौरान आरोपियों ने दिनेश सालवी का मोबाइल फोन भी छीन लिया और उसके साथ भी बेरहमी से मारपीट की। जब जितेन्द्र जान बचाकर पास की झाड़ियों की ओर भागा, तो हमलावरों ने उसे भी पकड़ लिया और सिर पर वार किए, जिससे वह लहूलुहान हो गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया, जिन्हें देखकर आरोपी फरार हो गए। हमले में गंभीर चोटें आने के कारण सोनू खटीक और दिनेश सालवी बेहोश होकर गिर पड़े थे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story