प्रेम प्रसंग और जयसमंद रेलवे स्टेशन पर पकड़े जाने का विवाद

पुलिस के अनुसार मो. फरहान पुत्र मो. हारुन छीपा, निवासी छीपा मोहल्ला दक्षिणी आयड़ ने मामला दर्ज करवाया कि नकीब हुसैन शेख और मुस्कान बी निवासी प्रतापगढ़ की मित्रता है। नकीब हुसैन शेख एवं मुस्कान बी दोनों गोवा गए थे, जिसका पता नकीब हुसैन के पिता नासिर हुसैन शेख को लगने पर अहमदाबाद से उदयपुर आते समय जयसमंद रेलवे स्टेशन पर नकीब हुसैन शेख और मुस्कान बी को पकड़ लिया।

मल्लातलाई से चाकू की नोक पर अपहरण और जंगल में ले जाकर मारपीट

पकड़े जाने के बाद से ही नकीब हुसैन शेख, मो. फरहान पर शंका करता था और उसे जान से मारने की धमकी देता था। 10 मार्च को रात को उसे फोन कर मल्लातलाई 80 फीट रोड पर बुलाया गया। वहां पर तारीक मकरानी, नकीब हुसैन शेख, मुस्कान बी, सोनिया उर्फ सारा खान और नाजिम शेख मौजूद थे। आरोपियों ने वहां से फरहान को चाकू की नोक पर जबरन बुलेट पर बैठाया और झाडोल रोड पर स्थित फैरा माउन्ट होटल के आगे जंगल में लेकर गए जहाँ इन लोगों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।

बंधक बनाकर लूटपाट और निजी डाटा वायरल करने की धमकी

मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसका फोन और 2000 रूपए निकाल लिए। इसके बाद ये उसे 80 फीट रोड पर मस्जिद से आगे शाहदाब खान उर्फ पन्नू लड़के के घर पर ले गए, जहां पर सोनिया, मुस्कान बी और नाजिम शेख मौजूद थे। वहां पर उसे बंधक बना दिया गया और इन सभी ने फिर से मारपीट की। "यह आरोपी उसे मारकर नयाखेड़ा की तरफ फैंकने की योजना बना रहे थे।" इन सभी ने दो दिनों तक उसे बंधक बनाकर रखा, लेकिन वह मौका देखकर वहां से भाग निकलने में सफल रहा।

पीड़ित के अनुसार, भागने के बाद भी तारिक मकरानी उसे बार-बार फोन कर धमका रहा है। इन लोगों ने उसके फोन से उसका सारा निजी डाटा उनके लेपटाप और मोबाइल में ले लिया है और अब उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story