उदयपुर: स्कूटी सवार युवक पर चाकू से हमला, पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा
अंबामाता थाना पुलिस ने मल्लातलाई निवासी आरोपी चिराग को किया गिरफ्तार, घायल युवक गंभीर हालत में अहमदाबाद रेफर।

उदयपुर शहर की अंबामाता थाना पुलिस ने स्कूटी सवार युवक को रोककर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे उपचार के लिए अहमदाबाद रेफर किया गया है।
घटना का विवरण
जगदीश पुत्र देवीलाल तेली निवासी एकलव्य कॉलोनी मल्लातलाई ने 28 मार्च को पुलिस में मामला दर्ज करवाया कि उनका भतीजा दिपक तेली पुत्र प्रकाश तेली निवासी एकलव्य कॉलोनी अंबामाता 27 मार्च की शाम को उबेश्वरजी रोड से रामपुरा चौराहा की तरफ अपनी स्कूटी से आ रहा था। दर्शनाघाटी रोड पर दीपक तेली, चिराग तेली पुत्र पन्नालाल एवं हर्ष ने उसे जबरन रोका। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। इस वारदात के दौरान आरोपियों में से दो के पास चाकू मौजूद थे।
बचाव और गिरफ्तारी
घटना के समय हर्ष दया ने बीच-बचाव कर दीपक को बचाया और तुरंत उसके पिता प्रकाश तेली को सूचना दी। परिजन घायल दीपक को चिकित्सालय लेकर गए, जहां से गंभीर स्थिति के चलते उसे अहमदाबाद रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और इस प्रकरण में चिराग पुत्र पन्नालाल तेली निवासी एकलव्य कॉलोनी मल्लातलाई को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से उसके अन्य फरार साथियों के बारे में कड़ी पूछताछ कर रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
