उदयपुर। शहर के गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र में शराब के लिए पैसा नहीं देने पर एक युवक पर तीन बदमाशों द्वारा जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज प्रकरण सामने आया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुष्पराजसिंह पुत्र कचरुलाल मेघवाल, जो मूलतः परसाद सलूम्बर के निवासी हैं और वर्तमान में सेक्टर 14 में पिछले 8 माह से सपरिवार किराए पर रह रहे हैं, उन्होंने इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

घूमने निकले युवक को बस स्टैंड पर घेरा

पीड़ित पुष्पराजसिंह ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि "9 मार्च को शाम को खाना खाकर मैं चुंगीनाका की तरफ घूमने निकला था। रात करीब साढ़े 9 बजे चुंगीनाका बस स्टेण्ड पर तीन व्यक्ति आए, जिसमें एक का नाम प्रवीण उर्फ मोटा पिता अमरसिंह निवासी बलीचा दक्षिण विस्तार व दूसरा संजय कालबेलिया निवासी इन्द्रा कॉलोनी सेक्टर 14 व एक व्यक्ति और साथ में था।" इन आरोपियों ने युवक को रोककर उससे शराब पीने के लिए पैसों की मांग की।

लट्ठ से सिर पर किया प्रहार

जब पुष्पराजसिंह ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो तीनों बदमाशों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। रिपोर्ट के अनुसार, "प्रवीण उर्फ मोटा ने मेरे सिर में लट्ठ मारा है। मैं जान बचाकर भागने लगा तो आरोपियों ने मेरा पीछा कर मुझे मारना शुरू कर दिया।" इस हमले के दौरान वहां चीख-पुकार मच गई।

होटल स्टाफ ने बचाई जान

घटना के वक्त मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया। पीड़ित ने बताया कि "सामने शेरे पंजाब होटल वाले स्टाफ ने समय पर आकर मेरा बीच-बचाव किया, नहीं तो आरोपी मुझे जान से मार देते।" होटल कर्मियों के हस्तक्षेप के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर नामजद आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story