उदयपुर: घर में घुसकर युवक पर जानलेवा हमला, मरणासन्न हालत में अस्पताल में भर्ती
कल्याणपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते तीन युवकों ने घर में घुसकर अशोक मीणा पर चाकू से हमला किया, जिसमें युवक की रीढ़ की हड्डी टूट गई।

उदयपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में एक महिला ने तीन युवकों के खिलाफ घर में घुसकर उसके पति से गंभीर रूप से मारपीट करने, जिससे उसका पति मरणासन्न अवस्था में भर्ती होने का मामला दर्ज करवाया है।
हमले का विवरण और घटनाक्रम
पुलिस के अनुसार मंजुला पत्नी अशोक मीणा निवासी उपला फलां ढेलाणा ऋषभदेव ने मामला दर्ज करवाया कि 20 मार्च रात 8.30 बजे वह अपने पति के साथ घर के आंगन में बैठी थी। इस दौरान सुरेश पुत्र शंकर व हितेश पुत्र ईश्वर मीणा एक अन्य साथी चाकू लेकर आए। इन लोगों ने आते ही अशोक मीणा पर ताबडतोड वार कर दिया, उसका पति वहां से भागा और उसने शोर मचाया तो आरोपी उसके सामने भी चाकू लेकर दौडे। आरोपियों ने पति अशोक को सिर पर चाकू की मारी।
गंभीर चोटें और पुलिस की कार्रवाई
इस बर्बर मारपीट में अशोक की रीढ की हड्डी टूट गई और दाहिना हाथ तोड़ दिया गया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया। घायल अशोक के सिर पर पन्द्रह टाँके आए हैं। मंजुला ने बताया कि "उसके पति व उसने शोर मचाया तो मुकेश पुत्र सवा और परिवार के अन्य लोग आए तो ये लोग वहां से भाग गए।" उसके पति को ज्यादा मारने से बेहोश होने व ज्यादा खून निकलने के कारण अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां वह वर्तमान में मरणासन्न अवस्था में उपचाररत है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
