उदयपुर जिले के पक्षी विहार के रूप में प्रसिद्ध मेनार में ‘उदयपुर यंग बर्डर्स फेस्टिवल’ का दो दिवसीय आयोजन उत्साह के साथ संपन्न हुआ। पक्षियों और प्रकृति संरक्षण के प्रति बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस महोत्सव में विभिन्न विद्यालयों के करीब 400 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। रामसर स्थल ढंढ तालाब पर आयोजित बर्ड वॉक इको ट्रेल के दौरान विद्यार्थियों ने पक्षियों की लगभग 25 प्रजातियों को नजदीक से देखा और उनके व्यवहार एवं गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

मेनार स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित इस महोत्सव का आयोजन डब्ल्यूडब्ल्यूएफ इंडिया, राजस्थान वन विभाग (उदयपुर उत्तर), राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मेनार और मेनार नेचर क्लब के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पक्षियों की दुनिया से परिचित कराने के साथ उनके संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

डब्ल्यूडब्ल्यूएफ इंडिया के स्टेट कोऑर्डिनेटर अरुण सोनी ने बताया कि 'यंग बर्डर्स मंथ' (YBM) के तहत आयोजित फेस्टिवल के पहले दिन विद्यार्थियों के लिए "मेनार के जलाशय, पंछी एवं संरक्षण की परंपराएं" विषय पर स्पॉट पेंटिंग और क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें जूनियर वर्ग में कक्षा 6 से 8 तथा सीनियर वर्ग में कक्षा 9 व 11 के विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित की।

पहले दिन आयोजित कार्यक्रम में डाक टिकट संग्रहकर्ता पुष्पा खमेसरा की ओर से विश्व के 380 देशों में पक्षियों पर जारी डाक टिकटों की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। विभिन्न देशों के डाक टिकटों के माध्यम से पक्षियों से जुड़ी जानकारी प्रस्तुत करने वाली यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।

फेस्टिवल के दूसरे दिन सुबह पहले सत्र में बर्ड वॉक इको ट्रेल आयोजित की गई। इसके तहत विद्यार्थियों को रामसर स्थल मेनार के प्रसिद्ध ढंढ तालाब का भ्रमण कराया गया। पक्षीविद दर्शन मेनारिया ने स्पॉटिंग स्कोप और बाइनोकुलर्स की मदद से बच्चों को पक्षियों की गतिविधियां दिखाईं। उन्होंने विद्यार्थियों को लगभग 25 प्रजातियों के परिंदों की पहचान कराने के साथ उनके बारे में रोचक जानकारियां भी दीं।

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मेनार के प्रधानाचार्य मनोज कुमार दाधीच ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, "मैंने स्वयं पहली बार पक्षियों को इतने करीब से निहारा और यह अनुभव बेहद रोमांचक रहा। निश्चित ही इस आयोजन से विद्यार्थियों को प्रकृति और पक्षी संरक्षण की दिशा में काम करने की प्रेरणा मिलेगी।"

दूसरे सत्र में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। स्पॉट पेंटिंग के सीनियर वर्ग में इच्छा ने प्रथम, प्रिया ने द्वितीय और नमन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में हेमंत प्रथम, कार्तिक द्वितीय और दिया कमावत तृतीय स्थान पर रहे।

क्विज प्रतियोगिता में तिरुपति मेनारिया व लक्षिता की जोड़ी ने प्रथम स्थान हासिल किया। वैभव मेनारिया व रवि भील द्वितीय तथा ईलेश व राधा मेनारिया तृतीय स्थान पर रहे।

कार्यक्रम का संयोजन दर्शन मेनारिया ने किया। इस अवसर पर रेंजर रविन्द्र सिंह, उप प्राचार्य धर्म सिंह, व्याख्याता डॉ. राम मेघवाल, गोपाल मेनारिया, दिलराज सिंह, नंद किशोर मीणा, जिज्ञासा गुर्जर, शारीरिक शिक्षक चंद्रशेखर मेनारिया, रामजी लाल, सुरेश चंद्र गरबड़ा, कन्हैया लाल मेनारिया, विद्यालय सहायक राकेश मेनारिया, रमेश जोशी, संगीता मेनारिया, वनरक्षक सुरेश मेनारिया और सहायक कर्मचारी भंवर लाल उदावत सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि भारत में हर साल नवंबर महीने में 'यंग बर्डर्स मंथ' (YBM) मनाया जाता है। इसका उद्देश्य बच्चों और युवाओं में पक्षियों के प्रति जिज्ञासा पैदा करना, पारिस्थितिक जागरूकता बढ़ाना और उनमें बर्डवॉचिंग का कौशल विकसित करना है। मेनार में आयोजित इस दो दिवसीय महोत्सव के जरिए विद्यार्थियों को प्रकृति के करीब लाने और पक्षियों के संरक्षण के प्रति उनकी समझ विकसित करने का अवसर मिला।

Budhi prakash parashar (Udaipur)

Budhi prakash parashar (Udaipur)

नाम: बुद्धि प्रकाश पाराशर

वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: कस्बा खेरोदा (तहसील: भींडर, जिला: उदयपुर, राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, प्रशासन, स्वास्थ्य एवं अन्य स्थानीय समाचार

परिचय 

बुद्धि प्रकाश पाराशर राजस्थान के उदयपुर जिले के खेरोदा क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से कस्बा खेरोदा, भींडर तहसील और आसपास के ग्रामीण व शहरी इलाकों को कवर करते हैं। उनके कार्यक्षेत्र में स्थानीय राजनीति, कानून-व्यवस्था (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन और जनहित से जुड़े सभी मुख्य विषय शामिल हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

बुद्धि प्रकाश पाराशर जी को मीडिया क्षेत्र में 30 साल का लंबा और व्यापक अनुभव है:

  • वह साल 2000 से लगातार 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं।
  • उन्हें 'राजस्थान पत्रिका' के साथ भी काम करने का लंबा अनुभव रहा है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा स्नातक (Graduate) स्तर तक पूरी की है।

Next Story