उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले के फलासिया थानाक्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां चार बच्चों की मां ने अपने पीहर में विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेराड़ फलासिया निवासी भावना बाई (25), पत्नी ललित कुमार भगोरा, पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रही थी। इसी तनाव के चलते बुधवार को उसने अपने पीहर में जहरीली वस्तु खा ली, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई।

घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतका के पिता मजदूरी कर घर लौटे और उन्होंने अपनी पुत्री को गंभीर स्थिति में उल्टियां करते हुए देखा। परिजन उसे आनन-फानन में तुरंत झाड़ोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे उदयपुर के एमबी चिकित्सालय रेफर कर दिया। एमबी अस्पताल में जीवन और मौत के बीच संघर्ष करते हुए भावना ने गुरुवार शाम को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। ससुराल और पीहर पक्ष की उपस्थिति में मृतका के पति की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। हालांकि, घटना को लेकर रहस्य अब भी बरकरार है क्योंकि दोनों पक्षों में से कोई भी इस बात का खुलासा नहीं कर पा रहा है कि आखिर भावना ने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया और उसके मानसिक तनाव का मुख्य कारण क्या था। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story