उदयपुर। खेल प्रेमियों के लिए सोमवार का दिन यादगार बन गया, जब जिला कबड्डी संघ उदयपुर के तत्वावधान में आयोजित 72वीं राजस्थान राज्य सीनियर पुरुष एवं महिला कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य समापन गाँधी ग्राउंड पर हुआ। रोमांच, प्रतिस्पर्धा और खेल भावना से ओतप्रोत इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जयपुर टीम ने पुरुष एवं महिला—दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया, जबकि दोनों वर्गों में राजस्थान पुलिस की टीम उपविजेता रही।

पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में जयपुर ने सशक्त खेल का प्रदर्शन करते हुए राजस्थान पुलिस को 9 अंकों के अंतर से पराजित कर राज्य चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला भी बेहद संघर्षपूर्ण रहा, जिसमें जयपुर की महिला टीम ने राजस्थान पुलिस को मात्र 5 अंकों से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। इससे पूर्व आयोजित सेमीफाइनल मुकाबलों में पुरुष वर्ग में जयपुर ने सीकर को 11 अंकों से तथा राजस्थान पुलिस ने अलवर को 13 अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। महिला वर्ग के सेमीफाइनल में राजस्थान पुलिस ने राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद् की टीम को 25 अंकों से तथा जयपुर ने सीकर को 13 अंकों से मात दी।

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर नमित मेहता रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष शांतिलाल चपलोत, पूर्व महापौर युधिष्ठिर कुमावत, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव दिनेश श्रीमाली, जिला ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष विनोद साहू, भाजपा देहात के पूर्व अध्यक्ष भंवर सिंह पंवार, समाजसेवी धीरेन्द्र सच्चान, किरण नागोरी और विक्रम सिंह चंदेला उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान कबड्डी संघ के अध्यक्ष तेजस्वी सिंह गहलोत ने की। इस अवसर पर सिद्धार्थ शर्मा, सीमा चम्पावत, देवनारायण धायभाई और अर्चना शर्मा सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

आयोजन समिति की ओर से चेयरमैन प्रमोद सामर, आयोजन सचिव जालम चंद जैन तथा जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह खनुजा ने सभी अतिथियों का पारंपरिक मेवाड़ी पाग और उपरणा पहनाकर सम्मान किया। कार्यक्रम में तकनीकी समिति के सत्यनारायण सिंह गहलोत और श्याम सुन्दर शर्मा को विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए आयोजन समिति के चेयरमैन प्रमोद सामर ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर सभी प्रायोजकों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह खनुजा ने राजस्थान कबड्डी संघ से आगामी वर्ष उदयपुर में राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता के आयोजन का प्रस्ताव रखा। वहीं आयोजन सचिव जालम चंद जैन ने उदयपुर में कबड्डी की नई खेल अकादमी स्थापित करने का आह्वान करते हुए खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। जिला कबड्डी संघ के सचिव मुकेश जैन ने प्रतियोगिता के दौरान हुए मुकाबलों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। अंत में आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेश चित्तोड़ा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

राज्य की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के सफल आयोजन ने न केवल उदयपुर को खेल मानचित्र पर एक नई पहचान दी, बल्कि कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल के प्रति युवाओं के बढ़ते रुझान और भविष्य की संभावनाओं को भी मजबूती प्रदान की।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story