राजसमंद (प्रातःकाल संवाददाता)। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती पर्ल ग्रेस एकेडमी के खेल मैदान पर आयोजित अंडर-16 गर्ल्स राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल मुकाबले में उदयपुर की टीम ने झुंझुनू को 3-1 से शिकस्त देकर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। खेलो इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय खेल प्राधिकरण, राजस्थान फुटबॉल संघ और जिला फुटबॉल संघ राजसमंद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस 'अस्मिता' प्रतियोगिता के तीसरे दिन मेवाड़ की बेटियों ने मैदान पर अपने कौशल का तहलका मचाते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।

जिला फुटबॉल संघ राजसमंद के अध्यक्ष हेमंत पालीवाल और चेयरमैन मनोज हाड़ा ने जानकारी दी कि समापन समारोह के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी राजसमंद के जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजसमंद विधानसभा के प्रवासी प्रकाश अहीर, समाजसेवी प्रकाश रांका, भाजपा जिला मंत्री खुशकमल कुमावत, जिला उदयपुर फुटबॉल संघ के सचिव शकील अहमद, एकेडमी के निदेशक पुरुषोत्तम कुमावत, प्रधानाचार्य भाणा रमेश राणा और धर्मेंद्र अनोखा उपस्थित रहे।

मैदान पर हुए घमासान में उदयपुर की जर्सी नंबर 6 की खिलाड़ी साक्षी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 2 गोल दागकर टीम की जीत की राह प्रशस्त की, जबकि जर्सी नंबर 11 की मीनू ने 1 गोल कर स्कोर को 3-1 तक पहुँचाया। झुंझुनू की ओर से एकमात्र गोल जर्सी नंबर 15 की खिलाड़ी अर्पणा ने किया। प्रतियोगिता के अंत में व्यक्तिगत पुरस्कारों की घोषणा की गई, जिसमें झुंझुनू की दिव्यांशी को 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट', उदयपुर की साक्षी को 'प्लेयर ऑफ द मैच' और उदयपुर की ही प्रतिज्ञा को 'बेस्ट गोलकीपर' के अवार्ड से नवाजा गया।

विजेता उदयपुर की टीम कोच अमृता और प्रभारी सोनाली के नेतृत्व में चैंपियन बनी, वहीं झुंझुनू की टीम कोच विकास बुडानिया के मार्गदर्शन में उपविजेता रही। फाइनल मैच में मुख्य रेफरी संदीप नायक, लाइन रेफरी किशन व पवन तथा फोर्थ रेफरी आशीष मीणा व महिपाल ने निर्णायक भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए मुकेश पालीवाल, प्रमोद पुर्बिया, हरीश कुमावत, नवीन व्यास, राकेश सांचीहर, पंकज चौधरी, राहुल बर्रा, शंकरलाल गाडरी, मोईन खान, वैभव सिंह, जयदीप सनाढ्य, कमलेश भगवान, अरमान और विनोद कुमारी को सम्मानित किया गया। अंत में अतिथियों ने विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को गोल्ड एवं सिल्वर मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story