सुरक्षित भविष्य और बेहतर शिक्षा के अधिकार की मांग को लेकर गुरुवार को समिधा संस्थान, उदयपुर द्वारा संचालित समिधा दृष्टि दिव्यांग छात्रावास के बड़ी संख्या में दृष्टिबाधित विद्यार्थी जिला कलक्टर कार्यालय पहुंचे और शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने छात्रावास भवन निर्माण के लिए स्थायी भूमि आवंटन की मांग उठाते हुए प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की।

धरना-प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने नारेबाजी कर अपनी मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा। प्रदर्शन के बाद संस्थान के प्रभारी सखाराम मेघवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में समिधा दृष्टि दिव्यांग छात्रावास में बड़ी संख्या में दृष्टिबाधित विद्यार्थी निवास कर शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। विद्यार्थियों की लगातार बढ़ती संख्या के कारण वर्तमान भवन अब अपर्याप्त हो गया है। सीमित संसाधनों और भवन की जर्जर स्थिति के चलते विद्यार्थियों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में स्थायी छात्रावास भवन के लिए भूमि आवंटन अत्यंत आवश्यक है।

ज्ञापन पर गंभीरता से विचार करते हुए जिला कलक्टर महोदय ने विद्यार्थियों को सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मांग पूरी करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। जिला कलक्टर ने बताया कि विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जब तक स्थायी भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक यदि किसी सरकारी विद्यालय अथवा अन्य सरकारी विभाग की उपयुक्त खाली भूमि या भवन उपलब्ध होगा तो एक माह के भीतर विद्यार्थियों के लिए अस्थायी व्यवस्था उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही स्थायी भूमि आवंटन की प्रक्रिया को भी प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

जिला कलक्टर के आश्वासन के बाद विद्यार्थियों में उम्मीद की नई किरण दिखाई दी। संस्थान के प्रभारी सखाराम मेघवाल ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन का यह संवेदनशील रवैया दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि शीघ्र ही विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं स्थायी छात्रावास की सुविधा उपलब्ध होगी।

धरना-प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में दृष्टिबाधित विद्यार्थी, संस्थान के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने कहा कि उनका संघर्ष किसी विरोध के लिए नहीं, बल्कि शिक्षा, सम्मान और सुरक्षित आवास के अपने अधिकार के लिए है। स्थायी छात्रावास की मांग को लेकर विद्यार्थियों की यह पहल प्रशासन के समक्ष उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं को प्रमुखता से रखने वाली रही।

Dharnendra Jain( Kherwara)

Dharnendra Jain( Kherwara)

नाम: धरणेन्द्र जैन

वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)

कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें

अनुभव: 30 वर्ष से अधिक

परिचय 

धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:

  • वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
  • उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
  • वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story