उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर के बेडवास स्थित औदीच्य समाज के आराध्य देव भगवान विश्वेश्वर महादेव एवं संकट मोचन हनुमान जी मंदिर का भव्य पाटोत्सव आगामी 6 और 7 मई को श्रद्धा एवं उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। इस वृहद धार्मिक अनुष्ठान की कमान संभाल रही विश्वेश्वर महादेव जी मंदिर केन्द्रीय कार्यकारिणी और समस्त औदिच्य ब्राह्मण समाज ने समारोह की समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। केन्द्रीय कार्यकारिणी के अध्यक्ष कमलेश शर्मा ने आयोजन की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि दो दिवसीय इस महोत्सव का शुभारंभ बुधवार, 6 मई की रात्रि से होगा।

कार्यक्रम के निर्धारित शेड्यूल के अनुसार, 6 मई की रात्रि 8.15 बजे से विशाल भजन संध्या एवं रात्रि जागरण का आयोजन किया जाएगा। इस भक्तिमयी शाम में सुप्रसिद्ध भजन गायक दुर्गाशंकर शर्मा एवं उनकी पार्टी द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी, साथ ही समाज के स्थानीय प्रतिभागी गायक भी अपनी स्वर लहरियों से प्रभु चरणों में हाजिरी लगाएंगे। उत्सव के दूसरे दिन, गुरुवार 7 मई को ब्रह्म मुहूर्त में आध्यात्मिक अनुष्ठान शुरू होंगे, जिसमें सुबह 5.57 बजे से 9.15 बजे तक विधि-विधान के साथ लघु रुद्री पाठ एवं भगवान का नयनाभिराम श्रृंगार किया जाएगा। इसके पश्चात सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक पाटोत्सव हवन-पूजन संपन्न होगा। दोपहर 12.30 बजे से 1.15 बजे के मध्य मंदिर शिखर पर ध्वजारोहण और महाआरती का आयोजन होगा, जिसके उपरांत आयोजित महाप्रसादी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित होंगे। यह आयोजन औदीच्य समाज की अटूट आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बनकर उभरेगा।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story