उदयपुर में मशालों और रंगोली के साथ विक्रमोत्सव 2083 का आगाज
अखिल भारतीय नववर्ष समारोह समिति ने नेला तालाब पर 51 मशालों के साथ विक्रम संवत 2082 को विदा कर नए संवत्सर का स्वागत किया।

उदयपुर। अखिल भारतीय नववर्ष समारोह समिति के तत्वावधान में विक्रम संवत 2083 के स्वागत और विक्रम संवत 2082 की सांकेतिक विदाई के अवसर पर नेला तालाब पाल परिसर में विक्रमोत्सव का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में रंगोली, दीपदान और मशालों के माध्यम से समाज में व्याप्त नकारात्मक प्रवृत्तियों का प्रतीकात्मक विसर्जन किया गया।
भव्य आतिशबाजी और मातृशक्ति की सहभागिता
इस अवसर पर 31 से अधिक मातृशक्ति ने नवसंवत्सर की आकर्षक रंगोलियां सजाकर प्रतियोगिता में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान हिंदू रक्षक वाहिनी के पंकज सुखवाल की ओर से भव्य आतिशबाज़ी का आयोजन भी किया गया जिसने वातावरण को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 51 मशालों के साथ विक्रम संवत 2082 को जयघोष के साथ विदाई देने का क्रम का आगाज़ रहा। मशालों के माध्यम से समाज में फैली नकारात्मक शक्तियों का प्रतीकात्मक दहन कर नए नवसंवत्सर का स्वागत सकारात्मक संकल्पों के साथ किया गया।
विशेष नवाचार और नकारात्मक प्रवृत्तियों का अंत
अखिल भारतीय नववर्ष समारोह समिति के राष्ट्रीय सचिव डॉ. प्रदीप कुमावत ने अपने संबोधन में कहा कि "इस वर्ष कार्यक्रम में विशेष नवाचार किया गया है। इसके अंतर्गत 20 मशालों के माध्यम से समाज की 20 नकारात्मक प्रवृत्तियों का प्रतीकात्मक दहन किया गया ताकि नवसंवत्सर का स्वागत सकारात्मक सोच और नए संकल्पों के साथ किया जा सके।" समिति के सह-संयोजक प्रतीक कुमावत ने बताया कि यह आयोजन नेला विकास समिति सेक्टर-14 और हिंदू रक्षक वाहिनी के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति की सहभागिता रही।
रंगोली प्रतियोगिता के विजेता और अतिथि गण
इस अवसर पर भारतीय संस्कृति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, संस्कार और राष्ट्रभक्ति जैसे विषयों पर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया गया। रंगोली प्रतियोगिता में दीपिका सेन प्रथम, मधु सुथार द्वितीय और चेल्सी दाधीच तृतीय स्थान पर रहीं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांता कुमावत थे। इस दौरान नेला विकास समिति के गणपत बाकलिया, लव वर्मा, अनिल पितलिया, चंद्र शेखर सांखला, धीरेन्द्र, प्रशांत व्यास, चंद्र प्रकाश खींची सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
