उदयपुर: विद्या निकेतन में विज्ञान मेला आयोजित, 150 बाल वैज्ञानिकों ने दिखाए मॉडल
विद्या निकेतन बड़गांव में आयोजित मेले में कक्षा 3 से 8 के विद्यार्थियों ने नवाचार आधारित वैज्ञानिक प्रयोगों और मॉडलों का प्रदर्शन किया।

तस्वीर में विद्या निकेतन स्कूल प्रांगण में विद्यार्थी अपने विज्ञान मॉडल प्रदर्शित करते दिख रहे हैं।
विद्या भारती संस्थान उदयपुर द्वारा संचालित विद्या निकेतन उच्च प्राथमिक विद्यालय बड़गांव में गुरुवार, 17 सितंबर 2026 को विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। मेले में कक्षा 3 से 8 तक के करीब 150 भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नवाचार आधारित विभिन्न मॉडल एवं प्रयोग प्रस्तुत कर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय बड़ागांव की प्रधानाचार्य सीमा आमेटा, विद्यालय प्रबंध समिति के खूबी लाल सिंघवी, देवी लाल, भंवर सिंह राठौड़, मोहन, पुष्कर तथा पूर्व छात्र लक्ष्यराज सिंह एवं उनके सहपाठी भावेश उदावत के करकमलों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में पधारे अतिथियों का स्वागत एवं परिचय स्थानीय विद्यालय की प्रधानाचार्य हेमलता दवे ने कराया।
मुख्य वक्ता सीमा आमेटा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इन बाल वैज्ञानिकों की लगन और निष्ठा से ही ये बड़े होकर देश के निर्माता बनेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विज्ञान मॉडल एवं प्रयोगों की सराहना की और उन्हें निरंतर नवाचार तथा वैज्ञानिक सोच के लिए प्रेरित किया।
विज्ञान मेले में अतिथियों ने विभिन्न विज्ञान मॉडल एवं प्रयोगों का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच एवं प्रयोगात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले भैया-बहनों को पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विज्ञान मेले की संयोजिका चंद्रकला मेघवाल एवं दिव्या श्रीमाली सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ ने पूर्ण सहयोग प्रदान कर आयोजन को सफल बनाया। कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के साथ हुआ। फोटो में प्रतिभागी मॉडल प्रस्तुत करते हुए नजर आए।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
