उदयपुर। एसीबी की स्पेशल यूनिट ने वल्लभनगर तहसील के रेवेन्यू इंस्पेक्टर को एक जमीन का शुद्धिकरण करवाने के एवज में 15 हजार रूपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने रिश्वत लेने के दौरान वल्लभनगर तहसीलदार का भी नाम लिया था, जिस पर एसीबी की टीम तहसीलदार की भूमिका की जांच कर रही है।

रिश्वत की मांग और एसीबी की कार्रवाई

एसीबी डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह ने बताया कि एसीबी स्पेशल यूनिट को 13 फरवरी को एक शिकायत मिली कि परिवादी की राणाकुई गोटिपा वल्लभनगर में करीब पांच बीघा जमीन स्थित है। सेग्रिगेशन कार्यवाही के दौरान गलती से इस जमीन की किस्म बारानी तृतीय के बजाय भवन दर्ज रिकॉर्ड हो गई थी। जिसकी शुद्धि के लिए परिवादी ने तहसीलदार वल्लभनगर को प्रार्थना पत्र दिया था, जिस पर तहसीलदार ने जांच के लिए गोटिपा पटवारी को भेजा। परिवादी की इस जमीन का शुद्धिकरण करने के एवज में वल्लभनगर तहसील के रेवेन्यू इंस्पेक्टर देवेन्द्र सिंह राणावत ने परिवादी का यह काम करवाने के एवज में 15 हजार रूपए की रिश्वत मांगी।

सत्यापन और ट्रैप की पूरी कहानी

शिकायत मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव जोशी के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक लक्ष्मणलाल डांगी ने 13 फरवरी एवं 23 फरवरी को रिश्वत की मांग का सत्यापन करवाया। जिसमें रेवेन्यू इंस्पेक्टर देवेन्द्र सिंह राणावत ने परिवादी से उसकी इस जमीन की किस्म भवन के बजाय किस्म बारानी तृतीय का शुद्धिकरण आदेश तहसीलदार से करवाकर अपनी आरपीजी आईडी से अपलोड कर शुद्धिकरण दर्ज करवाने की एवज में 15 हजार रूपए की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इस पर सोमवार को एसीबी की टीम ने देवेन्द्र सिंह राणावत को परिवादी से 15 हजार रूपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

तहसीलदार की भूमिका संदिग्ध

आरोपी रेवेन्यू इंस्पेक्टर देवेन्द्र सिंह राणावत ने रिश्वत मांगने की बातचीत के दौरान यह शुद्धिकरण के आदेश तहसीलदार वल्लभनगर से करवाने का आश्वासन दिया था। "मामले में वल्लभनगर तहसीलदार की भूमिका संदिग्ध है।" वर्तमान में आरोपी रेवेन्यू इंस्पेक्टर देवेन्द्र सिंह राणावत से पूछताछ की जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story