पर्यटकों को कमीशन के लालच में परेशान करने वाले तीन दलाल गिरफ्तार, उदयपुर पर्यटन पुलिस की कार्रवाई
उदयपुर में पर्यटकों को कमीशन के लालच में परेशान करने वाले तीन दलालों को पर्यटन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। राजस्थान पर्यटन व्यवसाय अधिनियम के तहत हुई इस बड़ी कार्रवाई से शहर के पर्यटन स्थलों पर सक्रिय दलालों में हड़कंप मच गया है।

उदयपुर के पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों को कमीशन के लालच में बहला-फुसलाकर परेशान करने वाले तीन दलालों के खिलाफ पर्यटन थाना पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने राजस्थान पर्यटन व्यवसाय अधिनियम के तहत तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पर्यटन थाना पुलिस के अनुसार, शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पर्यटकों को कमीशन के लालच में परेशान करने की शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई अमल में लाई गई है।
पुलिस ने बताया कि रेलवे स्टेशन के सामने पर्यटकों को कमीशन का प्रलोभन देकर परेशान करने के आरोप में शोभालाल मेघवाल निवासी हाल सवीना कच्ची बस्ती, उदयपुर के खिलाफ पर्यटन थाना में मामला दर्ज किया गया। वहीं, उदियापोल चौराहे पर इसी तरह की गतिविधि में लिप्त ओमप्रकाश निवासी 100 फीट रोड, गोवर्धनविलास, उदयपुर के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त, पटेल सर्कल क्षेत्र में पर्यटकों को कमीशन के लालच में परेशान करने के मामले में नाथूसिंह निवासी विजय सिंह पथिक नगर, सवीना, उदयपुर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
पर्यटन थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध राजस्थान पर्यटन व्यवसाय अधिनियम, 2010 के प्रावधानों के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पर्यटन की सकारात्मक छवि बनाए रखने के लिए ऐसे दलालों एवं अवैध रूप से पर्यटकों को परेशान करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
