उदयपुर चोरी मामला: तीसरा आरोपी लक्ष्मण वडेरा गिरफ्तार
पुलिस ने कोल्यारी कस्बे में हुई 55 लाख की चोरी के मामले में फरार अंतिम आरोपी को झाडोल के जंगलों से पकड़ा।

उदयपुर के कोल्यारी कस्बे में 55 लाख रुपये की चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी लक्ष्मण वडेरा।
उदयपुर जिले के कोल्यारी कस्बे में हुई 55 लाख रुपये की बड़ी चोरी के मामले में उदयपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीसरे और अंतिम वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 'आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय' के ध्येय वाक्य को चरितार्थ करते हुए पुलिस ने इस घटना के सभी तीन मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है।
घटना के विवरण के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती अंजना सुखवाल और पुलिस उप अधीक्षक वृत्त झाडौल विवेक सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस की विशेष टीम लगातार मामले की जाँच कर रही थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी थी। इसी कड़ी में थाना फलासिया और थाना झाडोल की संयुक्त टीम ने आसूचना संकलन के आधार पर फरार आरोपी लक्ष्मण वडेरा की तलाश शुरू की।
ऑपरेशन के दौरान झाडोल थानाधिकारी फेलीराम को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी लक्ष्मण पिता थावरा उर्फ थावरचन्द, निवासी खाखड फला आडादर्श, थाना झाडोल, ढुढकिया के जंगलों में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना फलासिया और झाडोल की संयुक्त पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ढुढकिया के जंगलों में दबिश दी और आरोपी लक्ष्मण वडेरा को डिटेन कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने पूर्व में गिरफ्तार साथियों, प्रकाश वडेरा और रमेश वडेरा के साथ मिलकर इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में शामिल सभी तीनों आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं। फिलहाल, गिरफ्तार आरोपियों से चोरी की गई राशि और माल-मशरूका की बरामदगी के लिए अनुसंधान जारी है।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में झाडोल थानाधिकारी फेलीराम, फलासिया थानाधिकारी सीताराम, सहायक उप निरीक्षक चन्दुलाल, सहायक उप निरीक्षक दिनेश कुमार, कांस्टेबल बंशीलाल (नं. 2713), कांस्टेबल ओमप्रकाश, कांस्टेबल भुराराम (नं. 3073) और चालक कांस्टेबल नाहरसिंह (नं. 1621) शामिल रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
