उदयपुर में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) की जिला शाखा ने शिक्षकों की ज्वलंत समस्याओं के समाधान को लेकर विशेष बैठक आयोजित की। जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह झाला के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा मुख्य सानिध्य के रूप में मौजूद रहे। बैठक में शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और उनके शीघ्र समाधान की मांग उठाई गई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा ने कहा कि शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार सरकार के समक्ष प्रभावी पैरवी कर रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शासन स्तर पर विस्तृत वार्ता कर समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षकों की ज्वलंत समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन का रास्ता अपनाने पर भी विचार करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि इसी सप्ताह शासन सचिव, वित्त सचिव एवं शिक्षा मंत्री से विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत वार्ता प्रस्तावित है। वार्ता के बाद लिए गए निर्णयों की जानकारी वीडियो संदेश के माध्यम से शिक्षकों तक पहुंचाई जाएगी।

बैठक के दौरान मावली खंड अध्यक्ष शंकरलाल जाट (लदाना) एवं जिला उपाध्यक्ष (माध्यमिक) चंद्रशेखर चौधरी ने तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण तत्काल खोलने तथा टीएसपी से नॉन-टीएसपी में समायोजन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करते हुए प्रभावित शिक्षकों का शीघ्र गृह जिलों में समायोजन करने की मांग रखी। वहीं नॉन-टीएसपी प्रतिनिधियों रमेश थ्योरी, पुरुषोत्तम शर्मा, देवेंद्र शर्मा एवं राजकुमार मीणा ने भी प्रदेश अध्यक्ष से व्यक्तिगत रूप से मिलकर इस प्रकरण के त्वरित समाधान की मांग की।

प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा ने बताया कि पूर्व शिक्षा सचिव कृष्ण कुणाल के विभाग परिवर्तन के कारण इस मामले में कुछ विलंब हुआ है, लेकिन शिक्षा मंत्री का रुख सकारात्मक है। उन्होंने कहा कि पूर्व में शिक्षा सचिव से इस संबंध में चर्चा की जा चुकी है तथा इसी सप्ताह नव नियुक्त शिक्षा सचिव से पुनः विस्तृत वार्ता कर समाधान का पूरा प्रयास किया जाएगा।

जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह झाला ने जिला शाखा की ओर से शिक्षकों की समस्याओं की मजबूत पैरवी करते हुए सरकार से उनका तत्काल समाधान करने की मांग की। बैठक में संभाग संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह सारंगदेव, जिला मंत्री करण सिंह चौहान, तेजपाल सिंह सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं शिक्षक प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

बैठक में पे-प्रोटेक्शन के नाम पर शिक्षकों से की जा रही वसूली निरस्त करने, टीएसपी क्षेत्र में कार्यरत वंचित नॉन-टीएसपी शिक्षकों का शीघ्र समायोजन करने, प्रधानाचार्य एवं उप-प्रधानाचार्य के पदस्थापन आदेश जल्द जारी करने, तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण एवं पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने, काउंसलिंग में सभी रिक्त पद प्रदर्शित करने तथा टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर जारी प्रयासों जैसे प्रमुख मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में इन सभी विषयों पर संगठन की ओर से सरकार के समक्ष प्रभावी पैरवी जारी रखने का निर्णय दोहराया गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story