तारा संस्थान में पेंशनर सम्मान समारोह, मावली और फतहनगर के 50 पेंशनर्स का सम्मान
राजस्थान पेंशनर समाज मावली-फतहनगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में बुजुर्गों को शॉल और प्रशस्ति-पत्र भेंट किए गए।

उदयपुर के आनंद वृद्धाश्रम में आयोजित पेंशनर सम्मान समारोह के मंच पर अतिथि बैठे दिख रहे हैं।
उदयपुर स्थित तारा संस्थान में वरिष्ठजनों की सेवा और सम्मान के उद्देश्य से आयोजित समारोह में मावली एवं फतहनगर क्षेत्र के लगभग 50 पेंशनर्स को शॉल ओढ़ाकर और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। राजस्थान पेंशनर समाज की उपशाखा मावली एवं फतहनगर के संयुक्त तत्वावधान में 26 अक्टूबर को आनंद वृद्धाश्रम परिसर में पेंशनर सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामेश्वर विजयवर्गीय रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मावली के पूर्व प्राचार्य बसंत कुमार त्रिपाठी ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी ओंकारलाल चितारा, उदयपुर के पूर्व समाज कल्याण विभाग अधिकारी अशोक शुक्ला और सेवानिवृत्त शिक्षक शंकरलाल शर्मा उपस्थित रहे।
तारा संस्थान की संस्थापक कल्पना गोयल ने अतिथियों और पेंशनर्स का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने संस्थान की गतिविधियों और समाजसेवा के कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि तारा संस्थान वरिष्ठजनों की सेवा, देखभाल और सम्मान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
कल्पना गोयल ने बताया कि संस्थान उदयपुर में चार आश्रमों के साथ-साथ काशी, वाराणसी एवं प्रयागराज में भी आश्रम संचालित कर रहा है। इन आश्रमों के माध्यम से वरिष्ठजनों को निःशुल्क सेवाएं प्रदान की जाती हैं। संस्थान का उद्देश्य बुजुर्गों को सम्मानजनक जीवन, उचित देखभाल और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
मुख्य अतिथि रामेश्वर विजयवर्गीय ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सेवा कार्यों से जुड़कर अपनी सामर्थ्य के अनुसार योगदान देना चाहिए। वरिष्ठजनों की सेवा और सम्मान करना सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने तारा संस्थान की ओर से किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बसंत कुमार त्रिपाठी ने कहा कि तारा संस्थान बुजुर्गों की सेवा और देखभाल के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहा है। ऐसे सेवा कार्य समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने संस्थान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में मावली एवं फतहनगर क्षेत्र के लगभग 50 पेंशनर्स को शॉल ओढ़ाकर और प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संस्थान की संस्थापक कल्पना गोयल को उनकी उपलब्धियों के लिए बसंत कुमार त्रिपाठी, मदनलाल माहेश्वरी और शंकरलाल शर्मा ने शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आरती चितौड़ा, रेणु नागर, दिव्या भटनागर, प्रकाश पटेल, शारदा सालवी, राजकुमार ममेघवाल और सतीश ने सक्रिय योगदान दिया। इस अवसर पर आवासीय बुजुर्ग रामचंद्र कुमावत एवं विलियम ने मधुर गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम का समां बांध दिया। समारोह के बाद स्नेह भोज का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों और उपस्थितजनों ने तारा संस्थान के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए संस्थान की गतिविधियों को आगे बढ़ाने तथा वरिष्ठजनों की सेवा में सहयोग करने का संकल्प व्यक्त किया। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Bhupesh Prajapat (Udaipur)
नाम: भूपेश प्रजापत
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: मावली (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति और क्राइम (अपराध)
परिचय
भूपेश प्रजापत मावली क्षेत्र के ग्राउंड रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय राजनीति और आपराधिक मामलों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही वह क्षेत्र की जन समस्याओं, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक स्तर पर भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों व उनकी जांच पर नियमित रूप से समाचार कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
भूपेश प्रजापत शैक्षणिक रूप से स्नातक (Graduate) हैं।
