उदयपुर में मिलावटखोरी पर बड़ी कार्रवाई, 350 किलो संदिग्ध घी जब्त
मावली में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी मात्रा में घी, मावा और उपकरण बरामद

राज्य सरकार के “शुद्ध आहार मिलावट पर वार” अभियान के तहत उदयपुर जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इस कड़ी में मावली के घासा थाना क्षेत्र में संयुक्त टीम ने करीब 350 किलो संदिग्ध घी जब्त कर मामला गंभीरता से जांच के दायरे में लिया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि बीती रात घासा थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान महाराष्ट्र नंबर की एक कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में घी बरामद हुआ। कार चालक राजू उर्फ श्यामदास पुत्र धनराज वैष्णव निवासी पटेलों का वाड़ा घासा से पूछताछ पर उसने स्वीकार किया कि यह घी उसने दिनेश डांगी निवासी पटेलों का बाड़ा घासा से खरीदा था।
तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दिनेश डांगी के घर पर दबिश दी। इस दौरान घर से बड़ी मात्रा में घी, मावा और अन्य खाद्य सामग्री बनाने के उपकरण बरामद किए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को सूचना दी, जो मौके पर पहुंची और जब्त सामग्री के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक गुप्ता ने बताया कि सैंपलों की जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि सामग्री मिलावटी पाई जाती है तो संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उदयपुर जिले में डॉ. अशोक आदित्य के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता ने मिलावटखोरों में हड़कंप मचा दिया है। विभाग की लगातार सतर्कता और ठोस कदम आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में निर्णायक साबित हो रहे हैं।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
