उदयपुर: सुखेर टनल के पास कार-बाइक दुर्घटनाओं में एमबीबीएस इंटर्न सहित दो की मौत
सुखेर थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ी कार, वहीं डांगियों का गुड़ा में कार की टक्कर से बाइक सवार मांगीलाल की गई जान।

उदयपुर के सुखेर थाना क्षेत्र में टनल के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई, जिससे एक एमबीबीएस इंटर्न की दुखद मृत्यु हो गई। शहर के एक निजी चिकित्सालय से एमबीबीएस की इंटरशिप कर रहे छात्र आदित्य कुमार (28) पुत्र बलवंत सिंह यादव, निवासी आनंद विहार अलवर, अपने दोस्त साहिल जैन के साथ शनिवार को कार से एकलिंग जी दर्शन करने गए थे।
टनल के पास अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
दर्शन कर वापस लौटते समय अम्बेरी के वहां टनल से पहले एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी। इस टक्कर के कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे चिकित्सक आदित्य कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें गंभीर घायलावस्था में एमबी चिकित्सालय लाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। एएसआई हिम्मतनाथ ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत
सड़क दुर्घटना का एक अन्य मामला भी सामने आया है, जहाँ मांगीलाल (46) पुत्र पेमा गमेती, निवासी लोयरा डांगियों का गुड़ा उंदरियों का नोहरा, बाइक पर सवार होकर लोयरा से उदयपुर की ओर आ रहे थे। सुबह साढ़े 11 बजे डांगियों का गुड़ा में एक कार ने बाइक चालक को जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
हादसे के बाद घायल मांगीलाल को उनका साथी पिंटू गंभीर घायलावस्था में एमबी चिकित्सालय लेकर आया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान ही उनकी मौत हो गई। मृतक के पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
