उदयपुर: सुखेर में सूने मकान से लाखों के जेवरात और नकदी की चोरी
सुखेर के ब्राह्मणों का गुड़ा में जोधसिंह सिसोदिया के घर को चोरों ने बनाया निशाना, परिवार मंदिर में जागरण के लिए गया था।

उदयपुर। शहर के सुखेर थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों की कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस संबंध में पीड़ित गृहस्वामी ने संबंधित थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्राह्मणों का गुड़ा, सुखेर निवासी जोधसिंह पुत्र भैरूसिंह सिसोदिया अपने सपरिवार के साथ पुनावली स्थित माताजी मंदिर में आयोजित जागरण कार्यक्रम में सम्मिलित होने गए थे। घर की सूना पाकर अज्ञात चोरों ने ताले चटकाए और भीतर प्रवेश कर लिया। घटना का खुलासा अगले दिन हुआ जब जोधसिंह का पुत्र भीमसिंह गांव पहुंचा। भीमसिंह ने देखा कि घर के मुख्य द्वार सहित कमरों के ताले टूटे हुए थे और अंदर सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।
चोरों ने घर को खंगालते हुए चांदी की पायजेब की जोड़ी, सोने की अंगूठी, कान के गहने, चांदी की चैन, एक सोने की रखड़ी, चांदी के कड़े, कान की बालियां और कान के लोंग सहित करीब 15 हजार रुपये की नकदी चुरा ली। पीड़ित की रिपोर्ट पर सुखेर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर अज्ञात चोरों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है, ताकि क्षेत्र में बढ़ती चोरी की वारदातों पर लगाम लगाई जा सके।

