उदयपुर में सौतेले पिता ने बेटे की पत्थर मारकर हत्या
नाई थाना क्षेत्र में 26 अप्रैल की रात विवाद के बाद पिता ने बेटे पर पत्थर से हमला किया, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया

उदयपुर। शहर के नाई थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां शराब के नशे में धुत सौतेले पिता ने कहासुनी के बाद अपने ही बेटे के सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना ने इलाके में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
थानाधिकारी मुकेेश सोनी ने बताया कि उपला बडादिया नाई निवासी उंकार गमेती (28) का 26 अप्रैल की रात किसी बात को लेकर अपने शराबी सौतेले पिता केवलाराम पुत्र अमरा गमेती से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आक्रोशित होकर केवलाराम ने पत्थर उठाकर बेटे के सिर पर दे मारा, जिससे उसका सिर फट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद खून से लथपथ बेटे को देखकर मां बदी बाई और बहन राजूड़ी पत्नी राजु गमेती भयभीत हो गईं। दोनों इतनी सहम गईं कि किसी को घटना की सूचना देने का साहस नहीं जुटा सकीं और पूरी रात मृतक के शव के पास बैठी रहीं। सुबह जैसे ही आरोपी केवलाराम वहां से निकला, तब मां-बेटी ने हिम्मत कर पुलिस को बेटे की हत्या की सूचना दी।
सूचना मिलने पर सोमवार अपराह्न थानाधिकारी मय टीम मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने खून से सना पत्थर जब्त कर लिया और शव को एमबी चिकित्सालय के मुर्दाघर में रखवाया। मंगलवार को मृतक की बहन राजूड़ी गमेती की रिपोर्ट पर पुलिस ने सौतेले पिता केवलाराम गमेती के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।
थानाधिकारी के निर्देशन में एएसआई संजय कुमार ने मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी केवलाराम को हिरासत में लेकर उससे गहन पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बदी बाई करीब 20 वर्ष पूर्व केवलाराम के साथ नाते आई थी और तीन बच्चों के साथ उसी के साथ रह रही थी। केवलाराम शराब पीने का आदी था और अधिकांश समय घर से बाहर रहता था। घर आने पर वह अक्सर झगड़ा और हंगामा करता था, जो अंततः इस जघन्य हत्या में बदल गया। यह घटना घरेलू हिंसा और नशे की प्रवृत्ति के गंभीर परिणामों को उजागर करती है।

