उदयपुर: युवक पर चाकू से हमला करने वाला आरोपी रिहान गिरफ्तार
अंबामाता थाना पुलिस ने गरीब नवाज कॉलोनी में मोहम्मद अरशद पर चाकू से हमला करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा।

उदयपुर के अंबामाता थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। शहर की अंबामाता थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का विवरण और रिपोर्ट
पुलिस के अनुसार, इस संबंध में मोहम्मद सलीम पुत्र गुल मोहम्मद, निवासी गरीब नवाज कॉलोनी मंसूरी नोहरी की गली अम्बामाता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि "उनका लड़का मोहम्मद अरशद अपने दोस्तों के साथ था। इसी दौरान वहां रिहान पुत्र शेर मोहम्मद आया और उसने अरशद पर अचानक चाकू से हमला कर दिया।"
अस्पताल में उपचार और गिरफ्तारी
इस हमले के कारण मोहम्मद अरशद के पेट में गहरा घाव लगा, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घटना के तुरंत बाद "रिहान के दोस्त व मोहल्ले के बच्चे घायल अरशद को महाराणा भूपाल हॉस्पिटल लेकर आए जहाँ उसे भर्ती करवाया गया है और वर्तमान में उसका इलाज चल रहा है।" पुलिस ने मामला दर्ज कर इस प्रकरण में मुख्य आरोपी रिहान पुत्र शेर मोहम्मद निवासी गरीब नवाज कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
