उदयपुर। तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों की गति ने एक बार फिर एक परिवार का चिराग बुझा दिया है। उदयपुर जिले के भटेवर क्षेत्र के समीपवर्ती भूतपुरा बस स्टैंड पर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा इतना भयावह था कि टक्कर लगते ही बाइक सवार हवा में उछलकर काफी दूर जा गिरा, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटनाक्रम के अनुसार, उदयपुर के चीरवा निवासी गणपत लाल मेनारिया पिता छगनलाल मेनारिया अपनी बाइक पर सवार होकर उदयपुर की दिशा से आ रहे थे। जैसे ही वह भूतपुरा बस स्टैंड के समीप पहुंचे, पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। चश्मदीदों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और गणपत लाल सड़क पर काफी दूर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में सफल रहा।

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों का भारी जमावड़ा लग गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम को सूचित किया। सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम के आरपीओ भेरूलाल अहीर, हिम्मत, शिवलाल और एंबुलेंस से मिट्ठू लाल जोशी मौके पर पहुंचे। साथ ही डबोक थाना पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस और राहत टीम ने तत्काल कार्यवाही करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। मृतक के परिजनों को सूचित करने के बाद, उनके आने पर शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। फिलहाल, डबोक थाना पुलिस ने परिजनों द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के जरिए आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की जरूरत को रेखांकित किया है।

Hemant Ameta, Udaipur

Hemant Ameta, Udaipur

हेमंत अमेटा उदयपुर से प्रात:काल के लिए समाचार कवर करने वाले अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खबरों को सटीक और निष्पक्ष दृष्टिकोण से पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित हैं। हेमंत अपने तेज़ रिफ्लेक्स और खबरों की गहन जांच के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को हर अपडेट समय पर और भरोसेमंद जानकारी के साथ मिलती है।

Next Story