उदयपुर: व्यापारी से 25 टन सोयाबीन मंगवाकर लाखों की धोखाधड़ी, केस दर्ज
हिरणमगरी क्षेत्र के व्यापारी से नीमच मण्डी के नाम पर 25 टन सोयाबीन मंगवाकर आरोपी पुष्कर पाटीदार ने माल खुर्द-बुर्द कर लाखों रुपये हड़प लिए।

पीड़ित व्यापारी और फर्म का विवरण
- नाम: गिरिराज पंडवाल पुत्र जगदीशचन्द्र पण्डवाल
- पता: निवासी ज्योति नगर वैशाली अपार्टमेन्ट के पास, सेक्टर 4
- व्यवसाय: कृषि मण्डी में 'कालूलाल मोहनलाल पण्डवाल' नाम से अनाज होलसेल व्यवसाय।
धोखाधड़ी का घटनाक्रम
पुलिस के अनुसार मामला 5 अगस्त को शुरू हुआ जब पीड़ित के पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को नीमच मण्डी की "संजय ट्रेडिंग शॉप" से बताया।
- मांग: 25 टन सोयाबीन की आवश्यकता बताई।
- सौदा: सोयाबीन का भाव 4900 प्रति किंवटल तय हुआ।
- बिलिंग विवरण: आरोपी ने 'लीला इंटरप्राईजेज' के जीएसटी नम्बर पर बिल बनाने को कहा।
व्यापारी ने 5540 किलो माल उक्त फर्म के नाम और 4135 किलो माल अलग से (कुल 9675 किलो) ट्रक में लोड करवाकर 6 अगस्त को भेज दिया। इस माल की कीमत 2 लाख 85 हजार 33 रूपए थी।
आरोपी के झूठे आश्वासन
शाम को आरोपी ने फोन कर माल पहुँचने की पुष्टि की लेकिन पेमेंट के समय टालमटोल शुरू कर दी। उसने कहा:
"वह उदयपुर मण्डी से शंकर मंूदडा और अन्य व्यापारियो से माल खरीदता रहता है। बैंक बंद हो गई है, वह शीघ्र ही पेमेंट कर देगा।"
इसके बाद उसने दूसरी गाड़ी भिजवाने को कहा और आश्वासन दिया कि "दोनो गाडियो का पेमेन्ट एक साथ ही करवा देगा।"
ठगी का खुलासा
7 अगस्त को व्यापारी ने 15605 किलो सोयाबीन भरकर दूसरी गाड़ी नीमच भिजवाई, जो 8 अगस्त को खाली हुई। जब पेमेंट के लिए फोन किया गया, तो आरोपी ने कहा कि वह ड्राईवर माधुलाल को पैसा दे देगा, लेकिन माधुलाल ने रूपए मिलने से इनकार कर दिया।
संदेह होने पर पीड़ित नीमच मण्डी में संजय ट्रेडिंग की दुकान पर गया, जहाँ पता चला कि उस दुकान ने कोई माल नहीं मंगवाया था।
मुख्य आरोपी: पुष्कर पाटीदार
जांच में सामने आया कि जिस नंबर से फोन आया था, वह पुष्कर पाटीदार का है। संजय ट्रेडिंग के व्यक्ति ने बताया कि:
"दो दिन पूर्व जो सोयाबीन की गाड़ी आई थी, वह पुष्कर पाटीदार नाम का व्यक्ति लेकर आया था। उसके पास एक ही गाडी आई है, दूसरी गाडी नहीं आई है। उसने इस गाडी के रूपए पुष्कर पाटीदार को दे दिए है।"
ड्राइवरों से पता चला कि पुष्कर पाटीदार ने विश्वास में लेकर 25 टन सोयाबीन मंगवाया, जिसमें से एक गाडी मण्डी के बाहर खाली करवाई और एक गाडी संजय ट्रेडिंग पर बेच दी।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
पीड़ित को जांच में पता चला कि पुष्कर के खिलाफ पहले भी कोटा में मण्डी के व्यापारी के साथ धोखाधड़ी करने का प्रकरण दर्ज है और वह कई व्यापारियों से माल मंगवाकर पैसा नहीं देता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अब जांच शुरू कर दी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
