उदयपुर में श्रीमद एकलिंग महापुराण कथा का आयोजन, 25 से 31 मई तक होगा कार्यक्रम
मेवाड़ में पहली बार आयोजित हो रही इस कथा में गुरुदेव अनुज महाराज द्वारा श्री एकलिंग नाथ के माहात्म्य का वर्णन किया जाएगा। 24 मई को कलश यात्रा निकलेगी।

मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास में पहली बार आराध्य एवं मेवाड़ अधिपति प्रभु श्री एकलिंग नाथ के विराट माहात्म्य से सृजित 'श्रीमद एकलिंग महापुराण' कथा का भव्य आयोजन होने जा रहा है। गौसेवा को समर्पित इस दिव्य धार्मिक अनुष्ठान को लेकर संपूर्ण मेवाड़ क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है। आयोजन को लेकर समस्त तैयारियां युद्ध स्तर पर पूर्ण कर ली गई हैं।
यह ऐतिहासिक कथा रामकाज गौशाला, घणोली, डबोक के महंत परम पूज्य गुरुदेव अनुज महाराज के श्रीमुख से संपन्न होगी। इस अनुष्ठान का आयोजन सर्वसमाज संगठन, दी उदयपुर ट्रांसपोर्ट ऑर्गनाइजेशन एवं श्री सिद्धनाथेश्वर मंदिर मंडल के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजन की विधिवत शुरुआत 24 मई को एक विशाल कलश यात्रा के साथ होगी। आयोजन समिति के संयोजक कुँ. हेमेन्द्र सिंह दवाणा के अनुसार, 24 मई रविवार को सायं 5:00 बजे सोमनाथ मंदिर, नाकोड़ा नगर से यह भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए कथा स्थल तक पहुंचेगी।
कथा के आयोजन स्थल और समय के संबंध में सहसंयोजक किशन पालीवाल और सचिव विशाल सिंह ने जानकारी दी कि मुख्य संगीतमय कथा का आयोजन 25 से 31 मई तक प्रतिदिन सायं 07:00 बजे से रात्रि 11:00 बजे तक होगा। कथा का आयोजन स्थल दी उदयपुर ट्रांसपोर्ट ऑर्गनाइजेशन स्थित सिद्धनाथेश्वर मंदिर परिसर रहेगा। मेवाड़ की धरा पर प्रभु श्री एकलिंग नाथ के महात्म्य पर आधारित इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है, जो क्षेत्र में धर्म और सेवा के एक नए अध्याय का सूत्रपात करेगी।

