उदयपुर (वि.)। राजस्थान सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित नि:शुल्क तीर्थ यात्रा 2025 के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों की यात्रा शुक्रवार को डूंगरपुर रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। जयकारों और हर्षोल्लास के बीच यह विशेष ट्रेन राणा प्रताप नगर उदयपुर होते हुए रामेश्वरम-मदुरई के लिए अपनी लंबी यात्रा पर निकल पड़ी।

टीथ यात्रा ट्रेन ने प्रात: 10 बजे डूंगरपुर से अपनी यात्रा शुरू की और 11.45 बजे राणा प्रताप नगर उदयपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इस दौरान उदयपुर और राजसमंद जिले के कुल 476 वरिष्ठ नागरिक ट्रेन में सवार हुए। वरिष्ठ नागरिकों के आवेदन पत्रों की जांच और टिकट आवंटन का कार्य निरीक्षक शिवराज सिंह राठौड़, प्रबंधक सुमित्रा सिंह और नितिन नागर के नेतृत्व में देवस्थान विभाग के कर्मचारियों द्वारा कुशलतापूर्वक संपन्न किया गया।

इस विशेष यात्रा ट्रेन में कुल 980 वरिष्ठ नागरिक, एक ट्रेन प्रभारी राजपत्रित अधिकारी, मेडिकल टीम और अनुरक्षक सहित 30 कर्मी यात्रा कर रहे हैं, जिससे कुल यात्रियों की संख्या 1010 पहुंचती है। राज्य सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए यात्रा को और सहज बनाने हेतु एसी ट्रेन की व्यवस्था की है, जो इस वर्ष प्रथम बार लागू की गई है। इससे पूर्व नॉन-एसी ट्रेन संचालित होती थी। यात्रियों को यात्रा के दौरान चाय-नाश्ता, भोजन, गंतव्य पर आवास और दर्शन जैसी सभी सुविधाएं राज्य सरकार द्वारा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

राजेंद्र कुमार को इस यात्रा का ट्रेन प्रभारी नियुक्त किया गया है। देवस्थान सहायक आयुक्त उदयपुर जतिन गांधी ने बताया कि इस वर्ष राज्य सरकार का लक्ष्य 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को रेल यात्रा कराना है और अब तक 29 हजार वरिष्ठ तीर्थ यात्रियों की यात्रा सफलतापूर्वक सम्पन्न हो चुकी है।

रामेश्वरम् पहुंचने के बाद वरिष्ठ नागरिकों को मीनाक्षी मंदिर, मदुरई के दर्शन कराए जाएंगे। इसके अलावा अगली ट्रेन उदयपुर से जगन्नाथपुरी के लिए रवाना होगी, जो वरिष्ठ नागरिकों के लिए राज्य सरकार की तीर्थ यात्रा योजना की निरंतरता को दर्शाता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story