उदयपुर स्कूल समय बदलाव: नर्सरी से 8वीं तक 11:30 बजे छुट्टी
भीषण गर्मी और उच्च तापमान चेतावनी के बीच प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अस्थायी समय परिवर्तन लागू किया

फतहनगर। उदयपुर जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और आगामी दिनों में मौसम विभाग द्वारा अत्यधिक तापमान की चेतावनी के बीच जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के हित में बड़ा निर्णय लिया है। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने आदेश जारी कर जिले के समस्त राजकीय एवं गैर राजकीय विद्यालयों के समय में बदलाव लागू किया है।
जारी आदेश के अनुसार उदयपुर जिले के सभी सरकारी, निजी एवं सीबीएसई से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा नर्सरी से आठवीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए 29 अप्रैल 2026 से 15 मई 2026 तक विद्यालय समय प्रातः 7:30 बजे से 11:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह संशोधित समय केवल विद्यार्थियों पर लागू रहेगा।
वहीं कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों का अध्यापन पूर्व निर्धारित समयानुसार यथावत जारी रहेगा। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि विद्यालय स्टाफ को पूर्व निर्धारित समयानुसार ही विद्यालय में उपस्थित रहना होगा।
जिला प्रशासन ने निर्देशों की अवहेलना करने वाले राजकीय एवं गैर राजकीय विद्यालयों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। साथ ही यह स्पष्ट किया गया है कि परीक्षाओं का समय पूर्ववत यथावत रहेगा।
भीषण गर्मी को देखते हुए अभिभावकों ने जिला प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत किया है और इसे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की दृष्टि से राहतभरा कदम बताया है। यह निर्णय बढ़ते तापमान के बीच बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
