उदयपुर: सविना में युवक के साथ मारपीट कर चांदी की चेन लूटी, केस दर्ज
पिपली चौक पर बस का इंतजार कर रहे युवक अजय कुमार पर संजू ओड और उसके साथियों ने ईंट से हमला कर लूटपाट की।

उदयपुर। शहर के सविना थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों द्वारा सरेराह मारपीट और लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। माइंस में नौकरी पर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे एक युवक को दबंगों ने न केवल लहूलुहान कर दिया, बल्कि उसके गले से चांदी की चेन भी लूट ली। इस संबंध में पीड़ित ने सविना थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, महुँवाड़ा कटेव (ऋषभदेव) निवासी अजय कुमार पुत्र जयन्तिलाल ने मामला दर्ज करवाते हुए बताया कि घटना 3 मई की है। अजय रात्रि करीब 9 बजे पिपली चौक स्थित बांसवाड़ा ज्वेलर्स के समीप खड़ा होकर झामर कोटडा माइंस में अपनी ड्यूटी पर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। उसी दौरान वहां कुछ लोग आपस में झगड़ रहे थे। देखते ही देखते सवीना कच्ची बस्ती निवासी संजू ओड और उसके अन्य साथियों ने बिना किसी कारण अजय पर हमला बोल दिया। आरोपी संजू ओड ने अजय के सिर पर ईंट से वार किया और उसे बेरहमी से सड़क पर घसीट-घसीट कर मारा, जिससे पीड़ित के सिर, मुंह और हाथों पर गंभीर चोटें आईं।
मारपीट के करीब 10 मिनट बाद जब बस आई, तो पीड़ित किसी तरह उसमें सवार हुआ। अजय ने आरोप लगाया कि इस हमले के दौरान आरोपियों ने उसके गले में पहनी हुई चांदी की चेन भी छीन ली। वारदात के समय आरोपियों के साथ एक महिला भी शामिल थी। सविना थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सरेराह हुई इस हिंसक वारदात ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

