उदयपुर। शहर के सविना थाना क्षेत्र में भू-माफियाओं के बुलंद हौसलों और जमीन हड़पने की नीयत का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति की पुश्तैनी जमीन पर जबरन कब्जा करने के प्रयास और विरोध करने पर जातिगत गाली-गलौच करने के आरोप में पुलिस ने कई प्रभावशाली लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।

प्रकरण के अनुसार, अम्बामाता घाटी तितरडी निवासी लक्ष्मणलाल पुत्र नाना गमेती ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी स्वामित्व वाली जमीन तितरडी क्षेत्र में स्थित है। लक्ष्मणलाल का आरोप है कि धूलकोट निवासी राजेन्द्र प्रकाश जैन पुत्र हरकलालाल जैन, राकेश कुमार पुत्र निर्मल कुमार जैन, विनोद कुमार पुत्र झमकलाल जैन और पूजा पत्नी अजय समदानी उसकी बेशकीमती जमीन को हड़पना चाहते हैं। पीड़ित के अनुसार, करीब एक माह पूर्व जब वह अपनी जमीन पर पहुंचा, तो वहां कुछ मजदूर अवैध रूप से नींव खोदने का कार्य कर रहे थे। लक्ष्मणलाल द्वारा हस्तक्षेप करने और पुलिस बुलाने की चेतावनी देने पर मजदूर अपने औजार छोड़कर मौके से फरार हो गए।

घटना के कुछ दिनों बाद पीड़ित पुनः अपनी जमीन पर पहुंचा तो वहां पत्थरों का ढेर पड़ा मिला। स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने पर सामने आया कि आरोपियों ने रात के अंधेरे में ट्रक के जरिए ये पत्थर वहां खाली करवाए थे ताकि कब्जा किया जा सके। जब लक्ष्मणलाल ने इस संबंध में आरोपियों से संपर्क कर विरोध दर्ज कराया, तो आरोपियों ने अपने रसूख और लंबे-चौड़े प्रभाव की धमकी देते हुए उसके साथ जातिगत गाली-गलौच की और उसे अपमानित किया। पीड़ित का कहना है कि पूर्व में सविना थाने में रिपोर्ट देने के बावजूद पुलिस ने तत्परता नहीं दिखाई थी, किंतु अब पुलिस ने प्रभावी धाराओं में मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है।

Next Story