उदयपुर: सलूम्बर में कार की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौत, एक गंभीर घायल
परसाद थाना क्षेत्र में सर्विस रोड पर खड़े तीन युवकों को तेज रफ्तार कार ने कुचला, उदयपुर के एमबी अस्पताल में उपचार के दौरान दो ने तोड़ा दम।

उदयपुर। संभाग के सलूम्बर जिले के परसाद थाना क्षेत्र में शनिवार शाम को हाईवे पर सर्विस रोड़ पर तेज गति से आ रही कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दो युवकों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। यह भीषण दुर्घटना उस समय हुई जब युवक बाजार से खरीदारी कर वापस लौट रहे थे।
हादसे का विवरण और शिकार हुए युवक
पुलिस के अनुसार नरेन्द्र (24) पुत्र वेलाराम मीणा, विपिन (38) पुत्र मुकेश मीणा व छोटा (18) पुत्र मुकेश मीणा निवासी नेराफला खरबर ए परसाद तीनों बाइक से परसाद होली का सामान खरीदने के लिए शनिवार शाम को गए थे। सामान खरीद कर वापस बाइक से घर लौट रहे थे। थाने से कुछ ही दूरी पर बाइक को सडक़ के किनारे खड़ा करके देवनारायण सर्विस रोड़ पर खड़े होकर बात कर रहे थे कि तभी तेज गति से आई कार ने बाइक सवार तीनों युवकों को चपेट में ले लिया।
अस्पताल में उपचार और पुलिस कार्रवाई
इस भीषण दुर्घटना में नरेन्द्र का सिर फट गया, जिससे तीनों को हाइवे मोबाइल 1033 से स्थानीय परसाद सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर एमबी चिकित्सालय रेफर कर दिया। उपचार के दौरान नरेन्द्र व छोटू की मौत हो गई, जबकि विपिन का एमबी चिकित्सालय में उपचार किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वेलाराम की रिपोर्ट पर हेड कांस्टेबल मोती सिंह ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
