उदयपुर: सायरा में टैंकर ने सोते हुए व्यक्ति को कुचला, मौके पर मौत
सायरा थाना क्षेत्र के सुआवतों का गुड़ा में लापरवाही से टैंकर बैक करते समय हादसा, चालक फरार, पुलिस ने मामला दर्ज किया।

उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ लापरवाही पूर्वक बैक किए जा रहे दूध के टैंकर ने पलंग पर सो रहे एक अधेड़ व्यक्ति को कुचल दिया। हादसे में व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुआवतों का गुड़ा निवासी 55 वर्षीय फतहसिंह सुबह करीब 8 बजे अपने घर के बाहर आम के पेड़ के नीचे पलंग पर सो रहे थे। उनके बाड़े में ही दूध से भरा एक टैंकर खड़ा था, जिसे चालक भगवत सिंह (निवासी नरसिंगदासजी का गुड़ा) ने स्टार्ट किया। चश्मदीदों के मुताबिक, चालक टैंकर को आगे-पीछे कर रहा था, तभी उसने भारी लापरवाही बरतते हुए वाहन को तेज गति से रिवर्स में ले लिया। अनियंत्रित टैंकर सीधे पलंग पर सो रहे फतहसिंह के ऊपर चढ़ गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके प्राण पखेरू उड़ गए।
हादसे को अंजाम देने के तुरंत बाद चालक भगवत सिंह मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र हुए और आनन-फानन में लहूलुहान हालत में फतहसिंह को गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के पश्चात उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची सायरा थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार हेतु परिजनों के सुपुर्द कर दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
