उदयपुर। उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने शुक्रवार को यूडीए कमिश्नर अभिषेक खन्ना से भेंट कर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों और जनसाधारण की ज्वलंत समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु चर्चा की। इस महत्वपूर्ण बैठक में देवाली विद्यालय एवं खेल मैदान के लिए आवंटित भूमि से जुड़ी अग्रिम कार्यवाहियों को गति देने के निर्देश दिए गए, ताकि शैक्षणिक और खेल सुविधाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से मिल सके।

विधायक मीणा ने कुण्डाल क्षेत्र का विशेष उल्लेख करते हुए बताया कि वहां वर्षों से स्थानीय ग्रामीणों का कब्जा रहा है, जिस पर संबंधित विभाग द्वारा पेनाल्टी इत्यादि का प्रकरण लंबित है। वर्तमान में उक्त भूमि को किसी अन्य को आवंटित किए जाने की तैयारियों से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है, जिसे देखते हुए विधायक ने विभागीय अधिकारियों को गंभीरता से विचार करने को कहा। इसके अतिरिक्त, विधायक ने मनरेगा कार्य के दौरान हुई दुर्घटना में मृतक श्रमिक के आश्रित पुत्र को संविदा आधार पर नौकरी प्रदान करने का आग्रह किया, ताकि पीड़ित परिवार को संबल मिल सके और उनका भरण-पोषण सुनिश्चित हो सके।

बुझड़ा गांव में विद्यालय खेल मैदान की सीमांकन प्रक्रिया की अद्यतन जानकारी लेते हुए विधायक ने स्पष्ट किया कि मैदान के आसपास हो रहे अवैध अतिक्रमणों को अविलंब हटाया जाए ताकि निर्माण कार्यों में कोई अवरोध उत्पन्न न हो। साथ ही, पेराफेरी क्षेत्र में पेयजल संकट के समाधान हेतु पानी की टंकियों के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। विधायक ने कहा कि विभागीय सुस्ती के कारण भीषण गर्मी में जिन क्षेत्रों में पानी की टंकियां नहीं लग सकी हैं, वहां जल्द कार्य पूर्ण कराया जाए ताकि ग्रामीणों को सुलभ पेयजल मिल सके। इस अवसर पर यूडीए सचिव हेमेन्द्र नागर, भाजपा शहर जिला उपाध्यक्ष तख्तसिंह शक्तावत, सन्नी पोखरना, मंडल अध्यक्ष सुनील चौधरी, भगवतीलाल तेली, दिनेश धायभाई, परविंद्र सिंह, देवीलाल भगोरा एवं मोहन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। यह पहल उदयपुर ग्रामीण के विकास और जनहितैषी प्रशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story