उदयपुर: भगवान महेश के रुद्राभिषेक एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का हुआ आयोजन
उदयपुर में महेश माहेश्वरी सोसायटी ने भगवान महेश का रुद्राभिषेक किया। पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ 60 पौधों का वृक्षारोपण भी किया गया।

भगवान महेश के रुद्राभिषेक एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम के बाद उदयपुर के श्री राजराजेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सामूहिक फोटो खिंचवाते माहेश्वरी समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य।
उदयपुर, 23 जून। माहेश्वरी समाज के आराध्य देव एवं समाज की उत्पत्ति के दाता भगवान महेश को नमन करते हुए महेश माहेश्वरी सोसायटी, उदयपुर द्वारा मंगलवार को श्री राजराजेश्वर महादेव मंदिर परिसर, हवा मगरी, हिरण मगरी, गोवर्धन विलास में भव्य शिव रुद्राभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रातः 7 बजे से 10 बजे तक श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
सोसायटी के सचिव पवन कुमार लड्डा ने बताया कि वैश्विक पर्यावरण संरक्षण एवं ग्लोबल वार्मिंग की चुनौती को ध्यान में रखते हुए समाज के प्रबुद्धजनों द्वारा मंदिर परिसर में 60 पौधों का वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में क्रीड़ा मंत्री नंदकिशोर काबरा, प्रशांत लाहोटी एवं उपाध्यक्ष बृजगोपाल चांडक का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम में उदयपुर नगर माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष दामोदर खटोड़ सपरिवार उपस्थित रहे, जिनका स्वागत सोसायटी सचिव पवन कुमार लड्डा द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संरक्षक श्यामसुंदर काला, भूतपूर्व अध्यक्ष कैलाश कालाणी एवं पूर्व कोषाध्यक्ष दिनेश मुथा का सहयोग सराहनीय रहा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजजन परिवार सहित उपस्थित रहे तथा भगवान महेश का रुद्राभिषेक कर सुख, समृद्धि एवं विश्व कल्याण की प्रार्थना की। समाज की महिलाओं ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर भक्तिमय वातावरण बनाया।
कार्यक्रम के अंत में भगवान महेश की मंगल आरती की गई तथा उपस्थित समाजबंधुओं को प्रसाद एवं अल्पाहार वितरित किया गया। साथ ही बच्चों को विशेष उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रहलाद-जागेटिया परिवार, मंजू लड्डा, रिंकी काबरा, प्रकाश हेड़ा, आयुष-पूजा माहेश्वरी, राकेश-पूनम माहेश्वरी, मदन गोपाल-ममता लावटी, चेतना-दिनेश मुथा, अंकित कोठारी, डॉ. लता मंडोवरा, सीमा-मुकेश मूंदड़ा सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।

